1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : राष्‍ट्रपति कोविंद ने 29 हस्तियों को नारी शक्ति पुरस्‍कार से सम्मानित किया
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : राष्‍ट्रपति कोविंद ने 29 हस्तियों को नारी शक्ति पुरस्‍कार से सम्मानित किया

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : राष्‍ट्रपति कोविंद ने 29 हस्तियों को नारी शक्ति पुरस्‍कार से सम्मानित किया

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 मार्च। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगलवार को वर्ष 2020 और 2021 के लिए प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित एक समारोह में महिलाओं, विशेष रूप से कमजोर और वंचित लोगों को विशिष्ट सेवाएं प्रदान करने में उनकी भूमिका के लिए 29 प्रतिष्ठित महिलाओं को ये पुरस्कार प्रदान किए गए।

त्रिपुरा की डॉक्टर इला लोध को मरणोपरांत दिया गया सम्मान

सम्मानित की गईं हस्तियों में त्रिपुरा की डॉक्टर इला लोध भी शामिल हैं, जिन्हें मरणोपरांत इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनके पुत्र ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

वर्ष 2020 के नारी शक्ति पुरस्कार पाने वालों में गैर सरकारी संगठन चलाने वालीं बिहार के भोजपुर की अनीता गुप्ता, उत्तर प्रदेश के खेरी की हथकरघा बुनकर और अध्यापक आरती राणा, तमिलनाडु की एंब्रॉयडरी कारीगर जया मुथु और तेजअम्मा, मध्य प्रदेश की आदिवासी कलाकार जे भाई बैगा , पंजाब की सिक्की ग्रास कलाकार मीरा ठाकुर, जमीनी स्तर पर नवाचार करने वालीं जम्मू कश्मीर की नासिरा अख्तर, सेमीकंडक्टर चिप बनाने वालीं कर्नाटक की निवृत्ति राय, लद्दाख की पारंपरिक वेशभूषा को संरक्षित रखने वालीं पद्मा यंगचान, जम्मू-कश्मीर की दिव्यांग सामाजिक कार्यकर्ता संध्या धर, जेनेटिक रोग से ग्रसित महाराष्ट्र की कथक नृत्यांगना एस. नंदकिशोर अगवाने, नेत्रहीनों के लिए काम करने वालीं केरल की टिफनी बरार, ऑर्गेनिक खेती करने वाली गुजरात की ऊषाबेन दिनेश भाई वासवा और वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वालीं महाराष्ट्र की वनीता जगदेव बोराडे शामिल हैं।

वर्ष 2021 के लिए नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वालीं हस्तियों में हिमाचल प्रदेश की हथकरघा विशेषज्ञ अंशुल मल्होत्रा, राजस्थान की लोक गायक भटोल बेगम, पशुपालन क्षेत्र की उद्यमी महाराष्ट्र की कमल कुंभार, छत्तीसगढ़ की सामाजिक कार्यकर्ता मधुलिका रामटेक, पश्चिम बंगाल की गणितज्ञ और प्रोफेसर नीना गुप्ता, उत्तर प्रदेश की हिन्दी लेखिका नीरजा माधव, गुजराती लेखिका निरंजना बेन मुकुल भाई, हरियाणा की किसान एवं उद्यमी पूजा शर्मा, देश की पहली मर्चेंट नेवी महिला कैप्टन कर्नाटक की राधिका मेनन, आंध्र प्रदेश विश्वविद्यालय की प्रोफेसर प्रसन्ना श्री, कर्नाटक की सामाजिक कार्यकर्ता शोभा गस्ती, दिव्यांग जनों के अधिकारों के लिए काम करने वाली ओडिशा की श्रुति महापात्रा, अरुणाचल प्रदेश की उद्यमी टी.आर. ताखे और तमिलनाडु की मनोचिकित्सक तारा रंगास्वामी शामिल हैं।

कोरोना के कारण पिछले वर्ष नहीं हो सका था पुरस्कार समारोह का आयोजन 

महिला और बाल विकास मंत्रालय हर वर्ष प्रतिष्ठित महिलाओं, संगठनों और संस्थानों को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करके अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाता है। वर्ष 2021 में कोविड महामारी के कारण वर्ष 2020 के लिए पुरस्कार समारोह का आयोजन नहीं किया जा सका था।

गौरतलब है कि महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्‍कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए प्रत्येक वर्ष आठ मार्च को यह दिवस मनाया जाता है। यह महिलाओं की समानता के लिए प्रयास तेज करने का भी आह्वान करता है। इस वर्ष महिला दिवस की थीम है – हैश टैग ब्रेक द बायस यानी पूर्वाग्रह तोडें। इस बार आजादी का अमृत महोत्‍सव के अंतर्गत अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के सप्‍ताहभर के समारोह गत एक मार्च को शुरू हो गए थे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code