1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. FIH हॉकी महिला नेशंस कप : चिली को 6-0 से रौंद भारत फाइनल में, मेजबान न्यूजीलैंड से खिताबी टक्कर
FIH हॉकी महिला नेशंस कप : चिली को 6-0 से रौंद भारत फाइनल में, मेजबान न्यूजीलैंड से खिताबी टक्कर

FIH हॉकी महिला नेशंस कप : चिली को 6-0 से रौंद भारत फाइनल में, मेजबान न्यूजीलैंड से खिताबी टक्कर

0
Social Share

ऑकलैंड, 20 जून। पूर्व चैम्पियन भारत ने यहां FIH हॉकी महिला नेशंस कप में शानदार फॉर्म बरकरार रखा और शनिवार को चिली पर 6-0 की बड़ी जीत के सहारे फाइनल में प्रवेश कर लिया। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने वर्ष 2022 के प्रथम संस्करण में चैम्पियन का श्रेय अर्जित किया था और इस बार लीग चरण के सभी तीन मैचों सहित लगातार चौथी जीत से फिर खिताबी देहरी पर है।

सलीमा टेटे एंड कम्पनी की अब रविवार को मेजबान न्यूजीलैंड से खिताबी टक्कर होगी, जिसने दिन के दूसरे सेमीफाइनल में निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी के बाद पेनाल्टी शूटआउट में अमेरिका को 4-1 से शिकस्त दी।

नवनीत व दीपिका ने ठोके दो-दो गोल

नॉर्थ हार्बर हॉकी स्टेडियम में खेले गए एकतरफा सेमीफाइनल में भारत के लिए नवनीत कौर (छठा व 13वां मिनट) और दीपिका (14वां व 18वां मिनट) ने दो-दो गोल किए जबकि नेहा (32वां) और ऋतुजा पिसाल (39वां) ने एक एक गोल दागा। ‘प्लेयर आफ द मैच’ चुनी गई कप्तान सलीमा टेटे ने बेहतरीन प्रदर्शन किया ।

मुकाबले की बात करें तो विश्व रैंकिंग में नौवें नंबर पर काबिज भारतीय टीम ने जबर्दस्त शुरुआत की और विश्व नंबर 11 चिली को संभलने का मौका ही नहीं मिला। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि नवनीत व दीपिका के दो-दो गोलों से एशियाई टीम 4-0 से आगे निकल चुकी थी।

आधे समय तक भारत ने 4-0 की बढ़त ले रखी थी

सच पूछें तो भारतीय फारवर्ड पंक्ति की तेज रफ्तार और दबाव बनाने की रणनीति ने चिली को परेशान कर दिया। पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर नवनीत के टीम का खाता खोला। उसके बाद बाएं फ्लैंक से सलीमा ने दौड़कर नवनीत को गेंद सौंपी, जिन्होंने कोई चूक नहीं की। अब ड्रैग फ्लिकर दीपिका की बारी थी, जिन्होंने 14वें मिनट में अपना पहला गोल किया और चार मिनट बाद पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। वह अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक छह गोल ठोक चुकी हैं।

मध्यांतर बाद नेहा ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया तो ऋतुजा ने रिवर्स हिट पर टीम की जीत को अंतिम स्पर्श दिया। चिली ने आखिरी क्वार्टर में कुछ मौके बनाए, लेकिन भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता ने जबर्दस्त बचाव करते हुए उसे एक भी गोल नहीं करने दिया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code