1. Home
  2. हिंदी
  3. भारत में कोरोना संकट: 24 दिनों में पहली बार 3 लाख से कम मरीज स्वस्थ, 2 लाख से ज्यादा नए केस
भारत में कोरोना संकट: 24 दिनों में पहली बार 3 लाख से कम मरीज स्वस्थ, 2 लाख से ज्यादा नए केस

भारत में कोरोना संकट: 24 दिनों में पहली बार 3 लाख से कम मरीज स्वस्थ, 2 लाख से ज्यादा नए केस

0
Social Share

नई दिल्ली, 26 मई। भारत में कोरोना महामारी के कम होते प्रकोप के बीच 24 दिनों में पहली बार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दैनिक संख्या तीन लाख से कम रही जबकि संक्रमण के नए केस फिर दो लाख से ज्यादा हो गए और मृतकों की संख्या भी चार हजार के पार चली गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को पूर्वाह्न आठ बजे जारी आंकड़ों से यही जानकारी मिली है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 2,08,921 नए केस दर्ज किए गए जबकि सोमवार को यह संख्या दो लाख से नीचे गिर गई थी। इसी प्रकार मंगलवार को 2,95,955 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। इसके पूर्व अंतिम बार गत दो मई को तीन लाख से कम लोग स्वस्थ हुए थे। इसी क्रम में बीते 24 घंटे के दौरान 4,157 लोगों की मृत्यु भी हुई।

एक्टिव केस में और 91 हजार की गिरावट

इस बीच एक्टिव केस में लगातार गिरावट जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान 91,191 की कमी के साथ अब देशभर में 25 लाख से कम कुल 24,95,591 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। यह दर कुल संक्रमितों की 9.60 फीसदी है।

देश में अब तक कुल 2.71 करोड़ से ज्यादा 2,71,57,795 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 2.43 करोड़ से ज्यादा 2,43,50,816 लोगों ने कोरोना से जंग जीती है। स्वस्थ होने वालों की दर 89.26 फीसदी है। हालांकि अब तक 1.14 फीसदी की दर से कुल 3,11,388 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

देश में अब तक 20 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देशभर में अब तक 20 करोड़ के ज्यादा 20,06,62,456 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन दी जा चुकी है। इसमें 25 मई को दिनभर में दी गईं 20,39,087 डोज भी शामिल हैं।

दिनभर में 22 लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच

उधर भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने जानकारी दी है कि मंगलवार को दिनभर में कुल 22,17,320 लोगों की कोरोना जांच की गई। देश में अब तक कुल 33,48,11,496 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है।

tags:

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code