महिला टी20 एशिया कप : भारत का अभियान प्रारंभ, थाईलैंड को 94 रनों से पस्त किया

दुबई, 30 अगस्त। महिला टी20 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक सफल भारतीय टीम ने 10वें संस्करण में रविवार को यहां अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के मारक प्रदर्शन की मदद से थाईलैंड को 94 रनों से पस्त कर दिया।

शेफाली के पचासे के बाद दीप्ति व नंदनी की मारक गेंदबाजी

ग्रुप ए के एकतरफा साबित हुए मैच में भारतीय टीम की प्रभावी जीत में तीन खिलाड़ियों की सर्वाधिक अहम भूमिका रही। इनमें सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने आक्रामक अर्धशतक (64 रन, 36 गेंद, तीन छक्के, आठ चौके) से भारत को 150 रनों के पार पहुंचाया तो फिर अनुभवी वामहस्त स्पिनर दीप्ति शर्मा (सात गेंदों पर बिना रन दिए तीन विकेट) व मीडियम पेसर नंदनी शर्मा (3-18) ने थाई बल्लेबाजों को 100 रनों के भीतर दबोच कर रख दिया।

भारत के 159 रनों के सामने थाई टीम 65 पर धराशाई

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शेफाली के 19वें टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक से नौ विकेट पर 159 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी काररवाई में मारक भारतीय आक्रमण के सामने थाई टीम 16.1 ओवरों में सिर्फ 65 रनों पर सिमट गई। विकेटकीपर बल्लेबाज नानाफत कोंचारोएंकई (41 रन, 48 गेंद, पांच चौके) दोहरे अंक तक पहुंचने वाली इकलौती बल्लेबाज रहीं।

दीप्ति ने एक भी रन खर्च किए बिना 3 विकेट झटके

अपना 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं दीप्ति (यह उपलब्धि हासिल करने वाली हरमनप्रीत और मंधाना के बाद केवल तीसरी भारतीय खिलाड़ी) ने सात गेंदों पर बिना कोई रन दिए तीन विकेट झटके। वहीं नंदनी शर्मा ने भी तीन विकेटों के लिए सिर्फ 18 रन खर्च किए जबकि श्री चरणी (2-10) ने दो विकेट प्राप्त किए और क्रांति गौड़ ने 26 रन खर्च कर एक सफलता पाई।

स्कोर कार्ड

भारतीय पारी देखें तो शेफाली की आक्रामक पारी की मदद से टीम 200 से अधिक के स्कोर तक पहुंचने की स्थिति में दिख रही था। लेकिन सुलीपोर्ण लाओमी (3-26) की अगुआई में थाई स्पिनरों भारत को बड़े स्कोर से वंचित कर दिया। शेफाली के अलावा प्रथम प्रवेशी प्रतिका रावल (22 रन, 18 गेंद, एक छक्का, दो चौके और ओपनर स्मृति मंधाना (19 रन, 10 गेंद, चार चौके) ही तनिक जोर दिखा सकीं।

शेफाली व प्रथम प्रवेशी प्रतिका रावल के बीच 53 रनों की साझेदारी

हालांकि शीर्ष क्रम की इन तीन बल्लेबाजों के अलावा भारती फुलमाली (नाबाद 13 रन, 14 गेंद, दो चौके) और 11वें क्रम पर उतरीं क्रांति गौड़ (नाबाद 15 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) भी दहाई में पहुंचीं। शेफाली ने स्मृति संग 18 गेंदों पर 38 रन जोड़ने के बाद प्रतिका के साथ मिलकर 36 गेंदों पर 53 रनों की मजबूत अर्धशतकीय भागीदारी की।

भारत के अंतिम 8 विकेट 46 रनों के भीतर गिरे

लेकिन यहीं सुलीपोर्ण लाओमी व उनकी साथी गेंदबाज अचानक हावी हो गईं और 46 रनों के भीतर आठ बल्लेबाज लौट गईं। 28 वर्षीय लेग स्पिनर लाओमी (3-26) ने शेफाली और ऋचा घोष को लगातार दो गेंदों पर आउट किया। वहीं ऑफ स्पिनर सुनीदा चातुरोंगरत्ताना ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

भारत का अगला मैच 3 सितम्बर को हांगकांग से होगा

रिकॉर्ड सात बार का चैम्पियन भारत चार टीमों के ग्रुप ए में एक मैच से दो अंक लेकर शीर्ष पर है। वहीं थाईलैंड ने दो मैचों में दो अंक जुटाए हैं। उसने पहले दिन (28 अंगस्त) को अपने पहले मैच में हांगकांग को छह रनों से शिकस्त दी थी। ग्रुप की चौथी टीम पाकिस्तान है। भारत का अगला मैच तीन सितम्बर को हांगकांग से होना है।

उधर ग्रुप बी में गत चैम्पियन श्रीलंका, जिसने दो वर्ष पूर्व घरेलू मैदान पर भारत को हराकर पहली बार चैम्पियन का श्रेय अर्जित किया था, दो अंक लेकर शीर्ष पर है। उसने शनिवार को पहले मैच में मेजबान यूएई को हराया था। बांग्लादेश व प्रथम प्रवेशी इंडोनेशिया ग्रुप की अन्य दो टीमें हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular