हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड : शामली में UP-STF और पुलिस मुठभेड़ में दो मुख्य शूटर ढेर

शामली / लखनऊ, 31 अक्टूबर। हरियाणवी गायक और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को बड़ी कामयाबी मिली है। शामली जिले में हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल दो मुख्य शूटर्स को मार गिराया। पुलिस और एसटीएफ को इनपुट मिला था कि अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटर शामली क्षेत्र में छिपे हुए हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने या भागने की फिराक में हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों की पहचान सोनीपत के सुमित (24) और मोहित (22) के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था और उन्हें गोगी गैंग से जुड़े शूटर बताया जा रहा है।

जवाबी फायरिंग में ढेर: संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षा व जवाबी फायरिंग में दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बाद में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। हरियाणवी म्यूजिक और एक्टिंग इंडस्ट्री के उभरते कलाकार अंकित बालियान की दिनदहाड़े की गई हत्या के बाद से पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और गंभीर वारदातों में शामिल अपराधियों के खिलाफ प्रदेश भर में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर सोमवार तड़के 4 बजे पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। इसमें बदमाश सुमित और मोहित को गोली लग गई। पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी प्रदीप और हरविंदर भी घायल हुए हैं।

मुठभेड़ शामली के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, पांच दिन पहले दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ जिम के बाहर अंकित की गोली मारकर हत्या की थी। बाकी दोनों साथी सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular