1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली के विवेक विहार में भीषण हादसा : AC धमाके से चार मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत
दिल्ली के विवेक विहार में भीषण हादसा : AC धमाके से चार मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की दर्दनाक  मौत

दिल्ली के विवेक विहार में भीषण हादसा : AC धमाके से चार मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

0
Social Share

नई दिल्ली, 3 मई। देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रविवार तड़के विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग एयर कंडीशनर (AC) में हुए जोरदार धमाके के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:13 बजे की है जब इमारत में लगे एक AC में अचानक धमाका हुआ। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट्स पूरी तरह इसकी चपेट में आ गए।

सूचना मिलने पर दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और करीब 3:35 बजे राहत कार्य शुरू किया गया। आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में काला धुआं भर गया, जिससे वहां रह रहे लोगों का दम घुटने लगा। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बालकनी और खिड़कियों के जरिए करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह 4 बजे कॉल मिलने के बाद टीम ने तत्परता से आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक 9 लोग जान गंवा चुके थे। स्थानीय निवासी चरणजीत सिंह ने आशंका जताई है कि अभी भी 1-2 परिवार अंदर फंसे हो सकते हैं। पुलिस और दमकल विभाग का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई और व्यक्ति न दबा हो। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। घटनास्थल की तस्वीरों में बिल्डिंग का पिछला हिस्सा पूरी तरह जला हुआ और काला नजर आ रहा है, जहाँ AC लगा हुआ था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code