नई दिल्ली, 19 अगस्त। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को एंजियोप्लास्टी के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली से बुधवार को छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने स्वास्थ्य की जानकारी शेयर की और सभी शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया है.
जेपी नड्डा ने स्वस्थ होने के बाद एक्स पर लिखा, ‘मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि एंजियोप्लास्टी के बाद मुझे एम्स से छुट्टी दे दी गई है। मैं स्वस्थ हूं और बिल्कुल ठीक हूं।’ नड्डा ने आगे कहा कि वो बेहतरीन देखभाल और समर्पण के लिए एम्स के डॉक्टरों और कर्मचारियों का दिल से धन्यवाद करते हैं।
I'm happy to share that I've been successfully discharged from AIIMS after my angioplasty. I'm healthy and doing well.
Heartfelt thanks to the doctors and staff at AIIMS for their excellent care and dedication. I also thank all my well wishers for your prayers, calls, and…
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) August 19, 2026
शुभचिंतकों को कहा धन्यवाद
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान मिले समर्थन को याद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा, ‘अस्पताल में रहने के दौरान प्रार्थनाओं, फोन कॉल और संदेशों के लिए मैं अपने सभी शुभचिंतकों का भी धन्यवाद करता हूं। आपका समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’
17 अगस्त को हुई थी एंजियोप्लास्टी
गौरतलब है कि जेपी नड्डा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बीते 13 अगस्त को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां 17 अगस्त को उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी।


