शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली, सेंसेक्स 568 अंक चढ़ा, निफ्टी 23600 के करीब
मुंबई, 17 मार्च। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और धातु एवं वाहन शेयरों में खरीदारी के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली दिखी और मंगलवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मजबूती लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 568 अंक चढ़कर चहां 76,000 के पार पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 172 अंकों की मजबूती से 23,500 के करीब जा पहुंचा।
सेंसेक्स 0.75% चढ़कर 76,070.84 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 567.99 अंक यानी 0.75 प्रतिशत चढ़कर 76,070.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 801.41 अंक बढ़कर 76,304.26 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर लाभ में रहे और 10 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 172.35 अंकों की बढ़त के साथ 23,581.15 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 172.35 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,581.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 36 के शेयर हरे निशान पर बंद हुए और 14 में गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों ने 2.78 लाख करोड़ रुपये कमाए
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 433.35 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 430.57 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 2.78 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.78 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।
इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.70 प्रतिशत चढ़ा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.70 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयरों में भी उल्लेखनीय तेजी में रही। वहीं इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।
एफआईआई ने 9,365.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 9,365.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,593.36 करोड़ रुपये की खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.44 प्रतिशत बढ़कर 102.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
