सरकार ने दी जानकारी- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज स्ट्रेट से निकले शिवालिक और नंदा देवी जलयान, 92700 मीट्रिक टन LPG लेकर आ रहे भारत
नई दिल्ली, 14 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल व गैस संकट के बीच गुरुवार को अंतर-मंत्रालयीय प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि देश में ऊर्जा संकट नहीं है। इस क्रम में भारतीय ध्वज लगे हुए दो जलयान – आईएनएस शिवालिक व आईएनएस नंदा देवी – होर्मुज जलडमरूममध्य पार कर गए हैं। लगभग 92,700 मीट्रिक टन LPG लादे दोनों जलयान अगले दो-तीन दिनों में भारत आ आ जाएंगे।
फारस की खाड़ी में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित
नियमित प्रेस ब्रीफिंग में शिपिंग मिनिस्ट्री से राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि फारस की खाड़ी इलाके में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में उनके साथ कोई अनहोनी की खबर नहीं आई है।
अब फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज बचे
राजेश सिन्हा ने बताया कि फारस की खाड़ी में 24 भारतीय झंडे वाले जहाज थे, जो होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिम में हैं। इनमें से LPG कैरियर दो जहाज शिवालिक और नंदा देवी आज तड़के सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट से निकल गए और अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं। अब फारस की खाड़ी में 22 भारतीय झंडे वाले जहाज बचे हैं, जिनमें कुल 611 नाविक हैं।
मुंद्रा व कांडला पोर्ट पर पहुंचेंगे शिवालिक व नंदादेवी जलयान
उन्होंने बताया कि शिवालिक व नंदादेवी जहाज लगभग 92,700 मीट्रिक टन LPG ले आ रहे हैं। ये 16 व 17 मार्च को मुंद्रा और कांडला पोर्ट पर पहुंचेंगे।
LPG बुकिंग का आंकड़ा बढ़कर लगभग 8.8 मिलियन
उधर पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने LPG सप्लाई के बारे में बताया कि मौजूदा भौगोलिक हालात को देखते हुए यह हमारे लिए चिंता की बात बनी हुई है। हालांकि, अभी तक स्टॉक खत्म होने की कोई खबर नहीं है।
सुजाता शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि एलपीजी पैनिक बुकिंग के मामले बहुत ज्यादा हैं। उन्होंने शुक्रवार को जो आंकड़ा शेयर किया था, उसमें लगभग 7.5 से 7.6 मिलियन बुकिंग थी, जो अब बढ़कर लगभग 8.8 मिलियन हो गई है।
भारत के पास पेट्रोल व डीजल पर्याप्त मात्रा में मौजूद
उन्होंने कहा, ‘जहां तक क्रूड ऑयल और रिफाइनरियों की बात है, हमारे पास क्रूड ऑयल की काफी सप्लाई है और हमारी रिफाइनरियां पूरी कैपेसिटी से काम कर रही हैं। रिटेल आउटलेट्स पर स्टॉक खत्म होने की कोई खबर नहीं है, काफी पेट्रोल और डीजल मौजूद हैं।
LPG सप्लाई में दिक्कत हो तो उन्हें PNG कनेक्शन पर शिफ्ट किया जाए
सुजाता ने कहा, ‘हम अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में ही काफी पेट्रोल और डीजल बनाते हैं। इसलिए, हमें इम्पोर्ट करने की कोई जरूरत नहीं है। जहां तक नेचुरल गैस की बात है, मैंने कल आपका ध्यान सरकार के मकसद की ओर दिलाया था, जहां भी कमर्शियल कंज्यूमर्स को LPG सप्लाई में दिक्कत या रुकावट आ रही है, उन्हें PNG कनेक्शन पर शिफ्ट किया जाना चाहिए। इस मकसद को आगे बढ़ाने के लिए, GAIL (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) ने अलग-अलग CGD ऑपरेटरों के साथ एक मीटिंग की और उन्हें सलाह दी कि जहां भी मुमकिन हो, सभी एलिजिबल कमर्शियल कंज्यूमर्स को PNG कनेक्शन देने में तेजी लाएं।’
