Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयजनरल आसिम मुनीर ने पाकिस्तान के 17वें सेना प्रमुख के रूप में...

जनरल आसिम मुनीर ने पाकिस्तान के 17वें सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला

इस्लमाबाद, 29 नवम्बर। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के पूर्व प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने मंगलवार को देश के नए सेना प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाला। मुनीर ने जनरल कमर जावेद बाजवा की जगह ली। बाजवा को 2016 में तीन वर्ष के लिए सेना प्रमुख नियुक्त किया गया था। 2019 में उन्हें तीन वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था।

जनरल बाजवा ने मुनीर को सौंपी बैटन ऑफ कमांड

जनरल आसिम मुनीर ने रावलपिंडी स्थित ‘जनरल हेडक्वार्टर’ में आयोजित एक शानदार समारोह में कार्यभार संभाला और इसी के साथ वह ‘आर्मी स्टाफ’ के 17वें प्रमुख बन गए। इस समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक एवं नेता शामिल हुए। जनरल बाजवा ने इस मौके पर कहा, ‘मुझे खुशी है कि मैं सेना की कमान सुरक्षित हाथों में सौंप रहा हूं।’ इसके बाद बाजवा ने जनरल मुनीर को ‘बैटन ऑफ कमांड’ सौंपी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Dawn Today (@dawn.today)

पीएम शहबाज ने 24 नवम्बर को मुनीर को सेना प्रमुख नामित किया था

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मुनीर को 24 नवम्बर को सेना प्रमुख नामित किया था। पाकिस्तान में पूर्व में कई बार तख्तापलट हुआ है, जहां सुरक्षा एवं विदेशी नीति के मामलों में सेना के पास काफी शक्तियां है। दरअसल, पाकिस्तान को अस्तित्व में आए 75 वर्ष से ज्यादा का वक्त हो चुका है और देश में आधे से अधिक समय तक सेना का शासन रहा है। ऐसे में देश के सुरक्षा और विदेश नीति मामलों में सेना का काफी दखल रहा है।

आईएसआई व एमआई के प्रमुख के रूप में सेवाएं देने वाले पहले सेना प्रमुख

मुनीर पहले ऐसे सेना प्रमुख हैं, जिन्होंने दो सबसे शक्तिशाली खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) के प्रमुख के रूप में सेवाएं दी हैं। हालांकि वह अब तक सबसे कम समय के लिए आईएसआई प्रमुख रहे। आठ महीने के अंदर 2019 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान के कहने पर उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल फैज हामिद को आईएसआई प्रमुख नियुक्त किया गया था।

मुनीर ‘फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट’ के जरिए सेना में शामिल हुए थे। जब जनरल बाजवा एक्स कोर के कमांडर थे, तब मुनीर उनके मातहत ‘फोर्स कमान नॉर्दन एरिया’ में ब्रिगेडियर थे। तब से मुनीर बाजवा के करीबी रहे हैं। बाद में 2017 की शुरुआत में मुनीर को ‘मिलिट्री इंटेलिजेंस’ का प्रमुख नियुक्त किया गया था और उसके अगले साल अक्टूबर में आईएसआई प्रमुख बनाया गया था, लेकिन उन्हें कुछ समय बाद ही इस पद से हटा दिया गया था।

स्वॉर्ड ऑफ ऑनरसे सम्मानित होने वाले पहले सेना प्रमुख

इसके बाद उन्हें गुजरांवाला कोर कमांडर के तौर पर तैनात किया गया था और वह दो साल इस पद पर रहे। बाद में उन्हें क्वार्टरमास्टर जनरल के तौर पर स्थानांतरित कर दिया गया। वह पहले ऐसे सेना प्रमुख हैं, जिन्हें ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया है।

नए सेना प्रमुख को आतंकवादियों के खतरे समेत कई समस्याओं से निबटना होगा। लेकिन उनकी अहम परीक्षा यह होगी कि वह पूर्व सेना प्रमुख जनरल बाजवा के इस फैसले पर कैसे टिके रह पाते हैं कि सेना राजनीति से दूरी बनाए रखेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments