गौतम अडानी बने एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति, इस वर्ष करीब दोगुनी हुई संपत्ति

नई दिल्ली, 21 मई। देश के दिग्गज उद्योगपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के अनुसार संपत्ति के मामले में चीनी कारोबारी झांग शैनशैन को पीछे छोड़ते हुए अडानी ने यह स्थान हासिल किया है। एशिया में अब अडानी से आगे पहले नंबर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी बने हुए हैं।

  • दुनिया के बड़े अमीरों में मुकेश अंबानी 13वें स्थान पर

अमेरिकी कम्पनी ब्लूमबर्ग की ओर से न्यूयॉर्क में शेयर कारोबार की समाप्ति के बाद दैनिक आधार पर जारी की जाने वाली दुनिया के शीर्षस्थ अमीरों की सूची में मुकेश अंबानी 13वें स्थान पर बने हुए हैं जबकि शैनशैन को पीछे छोड़ने के बाद अडानी 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। शैनशैन 15वें स्थान पर पिछड़ गए हैं।

  • अडानी की नेट वर्थ में इस वर्ष 33.8 अरब डालर की वृद्धि

ज्ञातव्य है कि अडानी समूह की कम्पनियों के शेयरों में पिछले कुछ माह में जबर्दस्त तेजी की बदौलत वैश्विक धनकुबेरों की लिस्ट में गौतम अडानी के स्थान में लगातार सुधार हुआ है। यही वजह है कि इस वर्ष उनकी संपत्ति में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार अडानी की मौजूदा सकल संपत्ति (नेट वर्थ) 67.6 अरब डॉलर है। इस वर्ष अडानी की संपत्ति में 33.8 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

वहीं मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 76.3 अरब डॉलर आंकी गई है। उनकी नेट वर्थ में 39.8 करोड़ डॉलर की कमी आई है। शैनशैन की कुल नेट वर्थ का मूल्यांकन 65.6 अरब डॉलर किया गया है। उनकी संपत्ति में 12.6 अरब डॉलर की कमी आई है।

  • जेफ बेजोस की नंबर एक पोजीशन बरकरार

ब्लूमबर्ग के अनुसार दुनिया के पांच सर्वाधिक धनी व्यक्तियों में एमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस नंबर एक पोजीशन पर बने हुए हैं। उनकी नेट वर्थ 189 अरब डॉलर है। ऑटो कम्पनी टेस्ला  और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क 163 अरब डॉलर की नेट वर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं। फ्रांसीसी कम्पनी एलवीएमएच के संस्थापक बर्नार्ड अर्नाल्ट (162 अरब डॉलर), माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स (142 अरब डॉलर) व फेसबुक के संस्थापक मार्क जुगरबर्ग (119 अरब डॉलर) क्रमशः तीसरे से पांचवें स्थान पर हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular