एशियाई खेल : फ्रीस्टाइल पहलवान सुजीत ने भारत को कुश्ती में दिलाया पहला स्वर्ण पदक

नागोया, दो अक्टूबर। भारत के फ्रीस्टाइल पहलवान सुजीत कलकल ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) के 65 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए स्वर्ण पदक जीता। मौजूदा संस्करण के कुश्ती मुकाबलों में भारत का यह पहला स्वर्ण है। इसके पूर्व नितेश ने गुरुवार को ग्रीको रोमन 97 किलो वर्ग में रजत जीता था जबकि ग्रीको रोमन मल्ल सुनील कुमार 30 सितम्बर को 87 किलो वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे थे। यानी अब तक भारतीय मल्लों ने तीन पदक जीते है। शनिवार को कुश्ती स्पर्धा के अंतिम दिन भी चार पहलवान चुनौती पेश करेंगे।

ताजिकिस्तानी मल्ल कुदिएव के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी

23 वर्षीय मल्ल सुजीत को नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर की मैट पर खिताबी बाउट में ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदिएव से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा और वह एक समय 2-9 से पीछे चल रहे थे, लेकिन भारतीय पहलवान ने जबर्दस्त वापसी की और लगातार आठ अंक बनाकर 10-9 से जीत हासिल की।

यह एशियाई खेलों में सुजीत का पहला स्वर्ण है और उन्होंने पिछले 12 माह में अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप, एशियाई चैम्पियनशिप, जगरेब ओपन, तिराना खिताब जीते हैं। हालांकि उन्हें एकमात्र झटका जून में मंगोलियन ओपन में लगा था, जहां घुटने की चोट के कारण उन्हें हटना पड़ा। लेकिन इसके अलावा वह अजेय रहे हैं।

देखा जाए तो सुजीत पिछले एशियाई खेलों भी एक योग्य दावेदार थे, लेकिन तदर्थ समिति ने उन्हें ट्रायल में बजरंग पूनिया को चुनौती देने की अनुमति नहीं दी। समिति ने बजरंग को सीधे प्रवेश दिया था। सुजीत ने अदालत में तदर्थ समिति के फैसले को चुनौती भी दी थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल सकी। फिलहाल एशियाड सहित हालिया उपलब्धियों के बाद सुजीत अब 2028 में ओलम्पिक पदक का दावेदार बनने के योग्य हो जाएंगे।

फाइनल तक के सफर में सुजीत ने ओलम्पिक चैम्पियन जापानी मल्ल को भी हराया

दिलचस्प तो यह रहा कि फाइनल तक के सफर में सुजीत ने ईरान व जापान के मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को हराया। इनमें ओलम्पिक चैम्पियन जापानी पहलवान कोटारो कियोका भी शामिल थे। कोटारो के खिलाफ सेमीफाइनल बाउट में स्कोर 3-3 से बराबर रहने के बाद सुजीत को अधिक अंक हासिल करने वाला दांव लगाने के कारण विजेता घोषित किया गया।

दीपांशी को 50 किलो वर्ग के कांस्य प्लेऑफ में कजाख मल्ल ने मात दी

दूसरी तरफ युवा पहलवान दीपांशी फोगाट को महिलाओं के 50 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में जापानी पहलवान युई सुसाकी के हाथों 0-10 की तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार का सामना करना पड़ा। सुसाकी ने उम्मीद के मुताबिक फाइनल में जगह बना ली, जिससे दीपांशी पदक की दौड़ में शामिल हो गईं। उन्होंने कंबोडिया की समनांग डित को रेपेशाज राउंड में 10-0 से हराया, लेकिन कांस्य पदक के प्लेऑफ में कजाखस्तान की जेनिप बयानोवा से हार गईं।

रजत व प्रिया भी शुरुआती दौर में बाहर

वहीं रजत रुहुल भी पुरुषों के 125 किलोग्राम वर्ग की प्रतियोगिता से बाहर हो गए। उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में कजाखस्तान के येदिगे कासिमबेकिन से 3-8 से हार का सामना करना पड़ा। प्रिया मलिक को महिला 76 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान की ऐपेरी मेडेट किजी ने 1-6 से हराया।

अमन सहित ये भारतीय पहलवान अंतिम दिन पेश करेंगे चुनौती

कुश्ती मुकाबलों के अंतिम दिन शनिवार को ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत (57 किग्रा), दीपक पूनिया (97 किग्रा), अंतिम पंघाल (महिलाओं के 53 किग्रा) और मनीषा भानवाला (महिलाओं के 65 किग्रा) चुनौती पेश करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular