विदेश मंत्री जयशंकर ने US पैसिफिक कमांडर से की मुलाकात, सुरक्षा और समुद्री सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

 

नई दिल्ली, चार अक्टूबर। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रविवार को नई दिल्ली में यूनाइटेड स्टेट्स पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पापारो के साथ बैठक की, जिसमें सुरक्षा साझेदारी और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘अमेरिकी प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पापारो से मिलकर खुशी हुई। हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में हमारी सुरक्षा साझेदारी और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।’

https://twitter.com/DrSJaishankar/status/2106629685123920122

एडमिरल सैमुअल जे. पापारो छह दिनों की आधिकारिक यात्रा पर शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। उनकी इस यात्रा का मकसद भारत और अमेरिका के बीच रक्षा साझेदारी को और मजबूत करना है। सर्जियो गोर ने भारत पहुंचने पर एडमिरल पापारो का गर्मजोशी से स्वागत किया।

अपनी यात्रा के दौरान एडमिरल पापारो भारतीय अधिकारियों के साथ दोनों देशों की साझा सुरक्षा प्राथमिकताओं पर बातचीत करेंगे। इसमें डिजिटल बदलाव और नई तकनीकों का इस्तेमाल, क्षेत्र में रणनीतिक स्थिरता बनाए रखना, रक्षा क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना और तेजी से बढ़ती तकनीकी प्रतिस्पर्धा से निपटने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

इस बीच भारत में अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में कहा, ‘नई तकनीक से लेकर समुद्री सुरक्षा तक, अमेरिका और भारत ऐसी रक्षा साझेदारी तैयार कर रहे हैं, जो भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हो। एडमिरल पापारो की यात्रा दोनों देशों के बीच मजबूत प्रमुख रक्षा साझेदारी को दिखाती है। साथ ही यह हिंद महासागर क्षेत्र में अमेरिका की लंबे समय से मौजूदगी और उसके हितों को भी दोहराती है।’

इससे पहले गत 28 सितम्बर को भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ और अमेरिकी सेना की प्रशांत कमान के डिप्टी कमांडिंग जनरल लेफ्टिनेंट जनरल जोएल बी. वोवेल ने नई दिल्ली में मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा हालात और भारत-अमेरिका के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की थी।

भारतीय सेना के एडिशनल डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ पब्लिक इंफॉर्मेशन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘यूएसएआरपीएसी के डिप्टी कमांडिंग जनरल लेफ्टिनेंट जनरल जोएल बी. वोवेल ने 28 सितम्बर को सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से मुलाकात की। दोनों ने हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा हालात पर चर्चा की और अलग-अलग क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर बात की।’

भारतीय सेना ने कहा, ‘बैठक में संयुक्त ट्रेनिंग और सैन्य अभ्यासों के जरिए दोनों सेनाओं की साथ मिलकर काम करने की क्षमता बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। युद्धाभ्यास की सफलता ने संयुक्त अभियानों में दोनों सेनाओं के बेहतर तालमेल को साबित किया और सैन्य सहयोग को और मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता को दोहराया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular