प्रयागराज, 31 अगस्त। यूपी के कौशाबी जिले में एयरफोर्स स्टेशन के निकट मनौरी स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार मध्याह्न शक्तिशाली विस्फोट से आग लग गई। पटाखों के धमाके इतने शक्तिशाली थे कि आसपास के कई घर भी जमींदोज हो गए और कई लोग मलबे में दब गए।
इस भयावह हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और लगभग दो दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने की 11 मौतों की पुष्टि की है, इनमें आठ बच्चे शामिल हैं। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया है।

हादसे के बाद सर्कल ऑफिसर शिवांग सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है जबकि जिला प्रशासन बचाव कार्य कर रहा है। पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां वहां पहुंचीं और फायरकर्मी आग बुझाने में जुट गए। आग पूरी तरह से बुझने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
हादसे के बाद मौके पर दो जिलों की टीमें तैनात
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि एम्बुलेंस के साथ-साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां भी भेजी गईं, बचाव कार्य चल रहा है। दोनों जिलों की टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच के आधार पर ऐसा लगता है कि लगभग दो से तीन घर जल गए हैं।
अब तक इनकी मौत की पुष्टि हुई है
- प्रियांजलि, पुत्री मंजीत कुमार, उम्र 5 वर्ष
- प्रवीन सिंह, पुत्र मंजीत, उम्र 13 वर्ष
- जाह्नवी, पुत्री गया प्रसाद, उम्र 12 वर्ष
- आदित्य, पुत्र गया प्रसाद, उम्र 12 वर्ष
- रवि, पुत्र गया प्रसाद, उम्र 8 वर्ष
- ज्ञान सिंह, पुत्र हरिओम, आयु 40 वर्ष
- आदित्य, पुत्र अज्ञात, आयु 8 वर्ष
- अंजू, पत्नी विक्रम सरोज, आयु 32 वर्ष
- विक्रम सरोज, आयु 35 वर्ष
- अंश, पुत्र विक्रम सरोज, आयु 6 वर्ष
- नन्हा, पुत्र विक्रम सरोज, आयु 4 वर्ष
प्राप्त जानकारी के अनुसा पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूर पर एक मकान में पटाखा बनाया जाता था। मनौरी गांव निवासी आदिल की पटाखा फैक्ट्री थी और उस मकान के ऊपर से ही बिजली के तार गुजरे हैं। सोमवार दोपहर अचानक उस मकान से धुआं उठने लगा। यह देख गांव वाले उस ओर भागे तो एक-एक करके पटाखे फूटने लगे।

अचानक पटाखों में धमाके से आसपास के ग्रामीण दहल उठे। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। बताया जाता है कि जिस घर में पटाखे में आग लगी, पास ही बूंदी कारखाना में पांच और आटा चक्की में छह लोग मौजूद थे। धमाका काफी देर बाद तक होता रहा।
सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया और जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।


