1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : रिकेल्टन का तूफानी शतक भी MI के काम न आया, 244 रनों का लक्ष्य पार कर SRH तीसरे स्थान पर
आईपीएल-19 : रिकेल्टन का तूफानी शतक भी MI के काम न आया, 244 रनों का लक्ष्य पार कर SRH तीसरे स्थान पर

आईपीएल-19 : रिकेल्टन का तूफानी शतक भी MI के काम न आया, 244 रनों का लक्ष्य पार कर SRH तीसरे स्थान पर

0
Social Share

मुंबई, 29 अप्रैल। उत्तर भारत की तपिश में बुधवार को जहां आंधी-तूफान का जोर देखने को मिला वहीं मायानगरी के वानखेड़े स्टेडियम में रनों की जबर्दस्त बरसात हुई। लेकिन दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज रियान रिकेल्टन का तूफानी शतक (नाबाद 123 रन, 55 गेंद, आठ छक्के, 10 चौके) भी पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) की दुर्दशा को टाल न सका।

इसकी वजह यह थी कि विपक्षी बल्लेबाज कहीं ज्यादा विस्फोटक साबित हुए और सनराइजर्स हैदराबाद (MI) ने 244 रनों का लक्ष्य भी हंसते-खेलते पार कर लिया। इस क्रम में पैट कमिंस एंड कम्पनी ने आठ गेंदों के शेष रहते छह विकेट की आसान जीत से मेजबानों को जहां छठी पराजय का स्वागत चखने को बाध्य किया वहीं टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) की अंक तालिका में खुद को तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया। इसके साथ ही एसआरएच इस लीग में 100 जीत हासिल करने वाली टीमों के क्लब में शामिल हो गया।

रिकेल्टन के नाम आईपीएल इतिहास में MI की ओर से सर्वश्रेष्ठ पारी

देखा जाए तो MI ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अपने पिछले 22 मैचों में पहली बार लीक से हटकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और जोहानेसबर्ग के 29 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज रिकेल्टन ने भी कप्तान हार्दिक पंड्या को मायूस नहीं किया क्योंकि टूर्नामेंट के इतिहास में MI की ओर से सर्वश्रेष्ठ पारी पर अपना नाम लिखाने के बाद वह नाबाद पैवेलियन लौटे।

आईपीएल में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई का सर्वोच्च स्कोर

रिकेल्टन के अलावा उनके साथी ओपनर विल जैक्स (46 रन, 22 गेंद, तीन छक्के, पांच चौके) व हार्दिक पंड्या (31 रन, 15 गेंद, दो छक्के, दो चौके) की आक्रामक पारियों से मुंबई इडियंस ने पांच विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए, जो IPL में पहले बल्लेबाजी करते हुए उसका अब तक का सर्वोच्च स्कोर था।

ट्रैविस हेड, अभिषेक व क्लासेन के सहारे SRH का चौथा सबसे बड़ा सफल चेज

लेकिन SRH ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए तनिक भी मुश्किल महसूस नहीं की और ट्रैविस हेड (76 रन, 30 गेंद, आठ चौके, चार चौके), अभिषेक शर्मा (45 रन, 24 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हेनरिच क्लासेन (नाबाद 65 रन, 30 गेंद चार छक्के, सात चौके) के विध्वंसक प्रहारों से 18.4 ओवरों में चार विकेट पर ही 249 रन ठोक दिए। यह IPL इतिहास का चौथा सबसे बड़ा सफल चेज (लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत) था।

ओपनरद्वय अभिषेक व हेड ने 52 गेंदों पर ही उड़ा दिए 129 रन

दरअसल, दो वामहस्त ओपनर्स – अभिषेक और एडिलेडवासी ट्रैविस हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए तूफानी अंदाज में 52 गेंदों पर ही 129 रन उड़ा दिए, जिसमें से 92 रन तो सिर्फ पावरप्ले में ही बन गए थे। हालांकि अफगानी ऑफ स्पिनर अल्लाह मोहम्मद गजनफर (2-51) ने नौवें ओवर में अभिषेक व ईशान किशन (शून्य) को लौटाया तो अगले ओवर में पंड्या (1-39) ने हेड की पारी बंद की। इस प्रकार सात गेंदों और चार रनों के भीतर तीन बल्लेबाज निकल गए। लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ा क्योंकि मौजूदा सत्र का चौथा पचासा जड़ने वाले क्लासेन ने तत्काल कमान संभाल ली।

क्लासेन ने नीतीश व सलिल संग मिलकर पूरी की औपचारिकता

इस क्रम में ट्रांसवाल के 34 वर्षीय दिग्गज क्लासेन ने पहले नीतीश कुमार रेड्डी (21 रन, 17 गेंद, तीन चौके) की मौजूदगी में सिर्फ 40 गेंदों पर 80 रन पीट दिए और फिर सलिल अरोड़ा (नाबाद 30 रन, 10 गेंद, तीन छक्के, दो चौके) के साथ 14 गेंदों पर अटूट 36 रन जोड़कर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी। इनमें सलिल ने 19वें ओवर में पंड्या की गेंदों पर चौका और दो छक्के जड़कर जीत को अंतिम स्पर्श दिया।

सनराइजर्स ने दर्ज की लगातार पांचवी जीत, मुंबई की छठी हार

देखा जाए तो सनराइजर्स की यह लगातार पांचवीं जीत थी और कुल नौ मैचों में छठी जीत के सहारे 12 अंक लेकर वह पंजाब किंग्स (13 अंक) व आरसीबी (12) के पीछे तीसरे स्थान पर जा पहुंचा। इस क्रम में उसने राजस्थान रॉयल्स (नौ मैचों में 12 अंक) को चौथे स्थान पर पछाड़ा। वहीं मुंबई इंडियंस की आठ मैचों में यह छठी हार थी और वह चार अंक लेकर अब भी फिसड्डी लखनऊ सुपर जाएंट्स (चार अंक) से एक पायदान ऊपर है।

रिकेल्टन ने विल जैक्स संग 43 गेंदों पर जोड़े 93 रन

इसके पूर्व मुंबई इंडियंस की पारी देखें तो कलाई में चोट के कारण क्विंटन डिकॉक के बाहर होने पर मुंबई ने जैक्स और रिकेल्टन को पारी का आगाज करने का मौका दिया। यह मौजूदा सत्र में मुंबई की चौथी सलामी जोड़ी थी। खैर, दोनों ने अच्छी शुरुआत की और पावरप्ले में 78 रन जोड़ दिए। अंततः पहले विकेट के लिए 43 गेंदों पर 93 रनों की साझेदारी ईशान मलिंगा (1-29) ने जैक्स को लौटाकर तोड़ी।

स्कोर कार्ड

उधर रिकेल्टन ने नीतीश पर चौके के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर अगली गेंद पर छक्के के साथ 23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। हालांकि सूर्यकुमार यादव (पांच रन, पांच गेंद, एक चौका) नहीं चल सके और ईशान मलिंगा के शिकार हो गए।

रियान की नमन व पंड्या संग भी अर्धशतकीय भागीदारियां

लेकिन रियान रिकेल्टन ने नमन धीर (22 रन, 17 गेंद, तीन चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों पर 55 जोड़े और फिर हार्दिक पंड्या (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 56 रनों की साझेदारी से टीम को 240 के पार पहुंचाया। हालांकि बाद में यह स्कोर नाकाफी साबित हुआ।

रिकेल्टन ने आईपीएल इतिहास में मुंबई के लिए ठोका तीव्रतम शतक

रिकेल्टन की पारी की खासियत यह भी रही कि उन्होंने 44 गेंदों पर आईपीएल में अपना पहला और लीग के इतिहास में टीम की ओर से तीव्रतम शतक जड़ दिया। इस क्रम में उन्होंने सनथ जयसूर्या (45 गेंद) व तिलक वर्मा (45 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा। सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे (2-54) सबसे सफल गेंदबाज रहे।

गुरुवार का मैच : गुजरात टाइटंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code