iPhone की जिद में पूरा परिवार खत्म! 19 वर्षीय बेटे की सनक ने ले ली माता-पिता की भी जान

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 22 अगस्त। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल हदसा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक महंगे आईफोन (iPhone) की किस्त चुकाने के लिए किशोरवय बेटे की जिद ने पूरे परिवार की ही जिंदगी खत्म कर दी। इस क्रम में शुक्रवार को कुणाल छांगुड़े (19), उसके ट्रक ड्राइवर पिता मुरलीधर (48) और मां संगीता छांगुड़े (42) की जिले के तिसगांव में ‘खावल्या’ पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकरी के अनुसार कुणाल अपने महंगे आईफोन की किस्तें न भर पाने के कारण परेशान था। उसने पहाड़ी पर चढ़कर अपनी जान देने की चेतावनी दी। उसके माता-पिता उसे समझाने और बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान, पिता ने जब उसे सुरक्षित स्थान पर खींचने का प्रयास किया तो दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे गिर गए। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस सदमे को बर्दाश्त न कर पाने के कारण कुणामल की मां ने भी उसी स्थान से छलांग लगा दी।

कुणाल के पिता मुरलीधर ट्रक ड्राइवर थे। दो दिन पहले ही घर लौटे थे। कुणाल ने घर पर यह कहकर झगड़ा शुरू कर दिया कि उसके आईफोन की किस्त बाउंस हो गई है। आर्थिक तंगी की वजह से भुगतान करना मुश्किल हो रहा था। फिर भी कुणाल अपने पिता की बात सुनने को तैयार नहीं था।

इसी विवाद के बाद कुणाल आत्महत्या के इरादे से ‘खावल्या’ पहाड़ी पर चढ़ गया। पूर्वाह्न 10 बजे उसके वहां पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बचाने की पूरी कोशिश की.

आत्महत्या की धमकी देकर ही हासिल किया था आईफोन

बताया जाता है कि कुणाल एक होनहार छात्र था। 10वीं की परीक्षा में 92% अंक हासिल किए थे। फिलहाल नीट (NEET) की तैयारी कर रहा था। पिछले वर्ष भी उसने एक आईफोन की मांग को लेकर पहाड़ी पर जाकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी। तब माता-पिता ने किस्त पर फोन दिलवा दिया। लेकिन, किस्त चुका पाना मुश्किल हो रहा था। इस बार उसी आईफोन की किस्तों का भुगतान न होने के कारण उसने फिर ऐसा ही कदम उठाया, जो खुद के साथ-साथ माता-पिता के लिए भी जानलेवा साबित हुआ।

बड़े भाई की पहले ही हो चुकी है मौत

कुणाल का एक बड़ा भाई भी था, लेकिन कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण उसका निधन हो गया था. इस वजह से यह परिवार पहले से ही भारी मानसिक तनाव में जी रहा था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular