एकनाथ शिंदे बने महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री, दो बार के पूर्व सीएम फडणवीस ने ली उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

मुंबई, 30 जून। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। गुरुवार की शाम राजभवन में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शिंदे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शिंदे ने शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के नाम पर मराठी भाषा में शपथ ली।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अपील के बाद परिदृश्य बदला

हालांकि शपथ ग्रहण समारोह का सबसे नाटकीय पहलू यह रहा कि दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अपील के बाद परिदृश्य बदला और फडणवीस कैबिनेट में शामिल होने को तैयार हुए।

देवेंद्र फडणवीस ने कुछ घंटे पहले ही शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौंकाने वाली घोषणा करते हुए कहा था कि शिंदे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। फडणवीस ने कहा था कि शिंदे अकेले शपथ लेंगे और बाद में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय जनता पार्टी बाहर से शिंदे सरकार को समर्थन करेगी।

शीर्ष नेतृत्व के कहने पर फडणवीस कैबिनेट में शामिल होने को राजी हुए 

फिलहाल कुछ देर बाद ही नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सार्वजनिक रूप से अपील कर दी कि देवेंद्र फडणवीस को उप मुख्यमंत्री का पद संभालना चाहिए। नड्डा की अपील के कुछ देर बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट कर जानकारी दी कि फडणवीस ने भाजपा अध्यक्ष की अपील मान ली है।

अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘भाजपा अध्यक्ष नड्डा जी के कहने पर देवेंद्र फडणवीस जी ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा व सेवाभाव का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्होंने हृदय से बधाई देता हूं।’

अमित शाह के ट्वीट के बाद देवेंद्र फडणवीस ने भी एक ट्वीट करते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता होने के नाते उन्हें पार्टी का आदेश स्वीकार है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘प्रामाणिक कार्यकर्ता के नाते पार्टी के आदेश का मैं पालन करता हूं। जिस पार्टी ने मुझे सर्वोच्च पद तक पहुंचाया, उसका आदेश मेरे लिए सर्वोपरि है।’

पीएम मोदी ने शिंदे और फडणवीस को दी बधाई

इस बीच शपथ ग्रहण समारोह के कुछ देर बाद प्रथानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की सत्ता संभालने पर एकनाथ शिंदे और उनके नायब देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी।

पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘ मैं एकनाथ शिंदे जी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देना चाहता हूं। एक जमीनी स्तर के नेता, वह अपने साथ समृद्ध राजनीतिक, विधायी और प्रशासनिक अनुभव लेकर आते हैं। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र को और ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में काम करेंगे।’

एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने फडणवीस को बधाई देते हुए कहा, ‘  देवेंद्र फडणवीस को  महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।’

RELATED ARTICLES

Most Popular