महाराष्ट्र के लातूर समेत कई जिलों में भूकंप के झटके, हिंगोली रहा केंद्र; जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
मुंबई, 9 जुलाई। महाराष्ट्र के लातूर जिले समेत राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। लातूर शहर और निलंगा क्षेत्र के लोगों ने धरती में कंपन महसूस होने की जानकारी दी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान या किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात हिंगोली, नांदेड़, परभणी और लातूर समेत आसपास के इलाकों में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला झटका रात 1:37 बजे, दूसरा 2:15 बजे और तीसरा 2:17 बजे दर्ज किया गया।
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, इन भूकंपों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर क्रमशः 4.6, 3.6 और 3.9 मापी गई। भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के वासमत तालुका स्थित शिरली गांव में बताया गया है। प्रशासन ने कहा कि प्रारंभिक जांच में किसी भी जिले से जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। चूंकि भूकंप के झटके आधी रात के बाद आए, इसलिए अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे। लगातार तीन झटके महसूस होने से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल जरूर बना, लेकिन स्थिति जल्द सामान्य हो गई।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही, यदि दोबारा भूकंप के झटके महसूस हों तो तुरंत घरों से बाहर निकलकर खुले स्थान पर जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिला कलेक्टर राहुल कार्डिले ने कहा कि भूकंप की सटीक भविष्यवाणी संभव नहीं होती, इसलिए घबराने के बजाय सतर्क रहना ही सबसे बेहतर उपाय है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के साथ सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
