मुंबई, 31 अगस्त। अमेरिका व ईरान के बीच बढ़ते तनाव एवं कूटनीतिक समाधान की संभावनाएं कमजोर पड़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का क्रम लगातार बना हुआ है। इस क्रम में बीते कारोबारी सत्र के अंतिम दिन जहां घरेलू शेयर बाजार में अच्छी बढ़त देखने को मिली थी वहीं सोमवार को फिर दोनों मानक सूचकांक गिरावट लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 307 अंकों के नुकसान से एक बार फिर 77,000 के नीचे जा खिसका तो एनएसई निफ्टी 95 अंक कमजोरी लेकर रुका।
सेंसेक्स 307.24 अंक टूटकर 76,957.27 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 307.24 अंक यानी 0.40 प्रतिशत टूटकर 76,957.27 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 513.19 अंकों की कमजोर से 76,751.32 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ सात के शेयर ऊपर चढ़े जबकि 23 में गिरावट रही।
निफ्टी 95.25 अंकों की गिरावट से 24,080.40 पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 95.25 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,080.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 20 के स्टॉक बढ़त पर रहे तो 30 में नुकसान देखने को मिला।
व्यापक बाजार में मिलाजुला कारोबार हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 155.25 अंक या 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 64,224.75 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 148.35 अंक या 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,931.65 पर बंद हुआ।
सेक्टोरल इंडेक्स : निफ्टी मीडिया व निफ्टी मेटल सबसे ज्यादा गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो निफ्टी मीडिया 2.84 प्रतिशत और निफ्टी मेटल 2.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहे। निफ्टी एफएमसीजी 1.69 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 1.21 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 0.85 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 0.68 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 0.52 प्रतिशत और निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ रुके।
दूसरी तरफ निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.97 प्रतिशत, निफ्टी हेल्थकेयर 0.85 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 0.72 प्रतिशत, निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.33 प्रतिशत और निफ्टी पीएसई 0.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
अदाणी पोर्ट्स के स्टॉक सर्वाधिक 4.11 फीसदी गिरे
सेंसेक्स की कम्पनियों में से अदाणी पोर्ट्स के स्टॉक सर्वाधिक 4.11 फीसदी नुकसान में रहे। आईटीसी, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से गिरावट में रहे। दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयरों में सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं।
एफआईआई ने 5,039.80 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को घरेलू बाजार में 5,039.80 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 3.63 प्रतिशत बढ़कर 91.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


