डिप्टी सीएम अजित पवार की अस्थियां प्रयागराज संगम में विसर्जित, परिवार के सदस्य हुए भावुक
प्रयागराज, 8 फरवरी। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियां रविवार को संगम में प्रवाहित की गईं। उनके पुत्र जय पवार ने विधि-विधान से अस्थि विसर्जन किया। इस दौरान परिवार के सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता भावुक नजर आए। परिवार चार्टर्ड फ्लाइट से बारामती से प्रयागराज पहुंचा था। जय पवार पिता की अस्थियों का कलश लेकर नंगे पैर एयरपोर्ट से बाहर आए। एयरपोर्ट से संगम तक लंबा काफिला घाट पहुंचा, जहां भाजपा और राकांपा के कई नेता भी मौजूद रहे।
राकांपा की युवा इकाई राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में कश्मीर से कन्याकुमारी तक ‘अस्थि कलश यात्रा’ निकाली गई थी। 12 राज्यों से गुजरने के बाद यात्रा का समापन संगम में परिवार की उपस्थिति में हुआ। धीरज शर्मा ने इसे समर्थकों के लिए भावुक क्षण बताते हुए कहा कि अजित पवार राष्ट्रीय स्तर की बड़ी राजनीतिक शख्सियत थे।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट पर एक चार्टर्ड विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया था। हादसे में दो पायलट, एक महिला क्रू मेंबर और एक सुरक्षाकर्मी समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई थी। विमान लैंडिंग से पहले रनवे पर गिरकर आग की चपेट में आ गया था। उनके निधन के बाद पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
