शेयर बाजार में गिरावट के साथ कारोबारी सप्ताह का समापन, सेंसेक्स 583 अंक टूटा, निफ्टी 180 अंक कमजोर
मुंबई, 30 अप्रैल। कमजोर वैश्विक रुख, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता व विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में पूरे सप्ताह उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिला और गुरुवार को गिरावट के साथ कारोबारी सप्ताह का समापन हो गया। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स करीब 583 अंक टूटा जबकि निफ्टी 180 अंक कमजोर हुआ।
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रहेगी बंदी
उल्लेखनीय है कि लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद बीते सोमवार को शेयर बाजार मजबूती लेकर रुका था तो अगले दिन मंगलवार को इसमें गिरावट रही। बुधवार को फिर बाजार में अच्छी तेजी दिखी तो आज बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत हुई। हालांकि दोपहर बाद दोनों बेंचमार्क इंडेक्स में काफी रिकवरी देखने को मिली। फिलहाल गुरुवार का दिन कारोबारी सप्ताह का अंतिम सत्र इसलिए बन गया कि घरेलू शेयर एवं विदेशी मुद्रा बाजार शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर बंद रहेंगे।
सेंसेक्स 0.75 प्रतिशत टूटकर 76,913.50 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 582.86 अंक यानी 0.75 प्रतिशत टूटकर 76,913.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,237.5 अंक तक लुढ़क गया था, लेकिन दोपहर के सत्र में कुछ संभल गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में नौ के शेयर लाभ में रहे तो 21 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 0.74 प्रतिशत गिरकर 23,997.55 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 180.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत गिरकर 23,997.55 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के शेयर लाल निशान पर रहे और 10 में मजबूती दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.84 प्रतिशत के नुकसान में रहा जबकि छोटी कम्पनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.58 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी मेटल को सर्वाधिक 2.13 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा
सेक्टोरल इंडेक्स पर गौर करें तो निफ्टी मेटल को सर्वाधिक 2.13 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा। निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.66 प्रतिशत, रियल्टी में 1.44 प्रतिशत और जिंस में 1.36 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
इटरनल लिमिटेड के स्टॉक सर्वाधिक 2.85 फीसदी गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटरनल लिमिटेड के स्टॉक सर्वाधिक 2.85 फीसदी गिरे। हिन्दुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
एफआईआई ने 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 116.2 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
