मुंबई, चार नवम्बर। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच दलाल स्ट्रीट में दिवाली जश्न जारी है। इस क्रम में प्रमुख वित्तीय, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कम्पनियों और वाहन शेयरों में लिवाली से दोनों मानक सूचकांक बुधवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 384 अंकों की उछाल से जहां 77,000 के पार चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 150 अंकों की मजबूती से 24,000 के नजदीक जाकर रुका।
मध्यावधि चुनावों के नतीजों से वैश्विक निवेश धारणा मजबूत हुई
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘अमेरिका के मध्यावधि चुनावों के नतीजों से वैश्विक निवेश धारणा मजबूत हुई है। इससे व्यापार और आयात शुल्क नीतियों में अधिक संतुलित रुख अपनाए जाने की उम्मीद बढ़ी है। इससे उभरते बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश बढ़ने की संभावना है।’
5 कारोबारी सत्रों में मानक सूचकांक 5.50 फीसदी से ज्यादा चढ़े
देखा जाए तो पिछले पांच कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 4,055.37 अंक यानी 5.53 प्रतिशत चढ़ा है जबकि निफ्टी में 1,261.75 अंक यानी 5.55 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है।
सेंसेक्स 2 माह के उच्चतम स्तर पर, 383.55 अंक चढ़कर 77,301.40 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 383.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत चढ़कर दो माह से अधिक के उच्चतम स्तर 77,301.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 478.19 अंक की तेजी के साथ 77,396.04 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के स्टॉक बढ़त पर रहे तो नौ में कमजोरी दर्ज की गई।
निफ्टी 149.75 अंक बढ़कर 23,960.60 पर बंद
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 149.75 अंक यानी 0.63 प्रतिशत बढ़कर 23,960.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 35 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 15 में कमजोरी रही।
व्यापक बाजार में भी बेहतर प्रदर्शन
निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती क्षमता के बीच व्यापक बाजार में मझोली और छोटी कम्पनियों के शेयरों का बेहतर प्रदर्शन भी बना रहा। छोटी कम्पनियों से जुड़े बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट में 2.40 प्रतिशत की तेजी आई जबकि मझोली कंपनियों मिडकैप सेलेक्ट 0.81 प्रतिशत चढ़ा।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स का स्टॉक सर्वाधिक 4.56 फीसदी मजबूत
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स का स्टॉक सर्वाधिक 4.56 फीसदी मजूत हुआ। टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में भी प्रमुख रूप से तेजी रही।
हालांकि अमेरिकी चुनाव के नतीजों के बाद कृत्रिम मेधा (AI) पर बढ़ते खर्च और संभावित नियामकीय जांच को लेकर चिंताओं के बीच एशियाई प्रौद्योगिकी शेयरों में व्यापक बिकवाली का असर निफ्टी आईटी सूचकांक पर भी पड़ा, जो 1.5 प्रतिशत गिर गया। इस क्रम में आईटी कम्पनियों – टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक व इन्फोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। इटर्नल व कोटक महिंद्रा को भी प्रमुख रूप से नुकसान हुआ।
एफआईआई ने 6,836.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 6,836.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.73 प्रतिशत टूटकर 102.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।


