कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन पर विवाद, ज्वेलरी ब्रांड ने हटाया ऐड; कंगना ने भी साधा निशाना

मुंबई, 26 अगस्त। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपने रक्षाबंधन से जुड़े एक विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। विज्ञापन में उनके आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद कृति ने ट्रोल्स को जवाब दिया था। अब विवाद बढ़ने के एक दिन बाद ज्वेलरी ब्रांड ने विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया है। ब्रांड ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करता है।

ब्रांड के मुताबिक, विज्ञापन के जरिए परिवार के साथ त्योहार मनाने के साथ-साथ पालतू जानवरों को भी परिवार का हिस्सा दिखाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, अगर विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं तो ब्रांड ने इसके लिए खेद जताया और विज्ञापन हटाने का फैसला किया।

कृति सेनन ने ट्रोल्स को दिया जवाब

कृति सेनन ने 25 अगस्त को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर विज्ञापन को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खूबसूरती केवल पहने जाने वाले कपड़ों में नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं के महत्व में होती है। कृति ने रक्षाबंधन को सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सुरक्षा, अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए प्यार, प्रार्थना और एक-दूसरे की देखभाल का रिश्ता उनके डॉग्स तक भी पहुंचता है, क्योंकि वे भी उनके परिवार का हिस्सा हैं।

‘महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, यह बताना कब बंद करेंगे?’

कृति ने अपने पोस्ट में महिलाओं के पहनावे को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह बताना आखिर कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए। अभिनेत्री ने कहा कि समय के साथ एथनिक फैशन में काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापने की कोशिश की जाती है। कृति के मुताबिक, संस्कृति और परंपराएं महिला के दिल में होती हैं, उसके नेकलाइन में नहीं।

किस बात पर शुरू हुआ विवाद?

दरअसल, पूरा विवाद एक रक्षाबंधन विज्ञापन के सामने आने के बाद शुरू हुआ। ज्वेलरी ब्रांड के इस विज्ञापन में कृति सेनन ने ऑफ-व्हाइट रंग का इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहना था। इसमें ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, ड्रेप्ड स्कर्ट और केप शामिल था। विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने कृति के पहनावे की आलोचना करते हुए इसे रक्षाबंधन जैसे त्योहार के लिए उपयुक्त नहीं बताया।

कंगना रनौत ने भी विज्ञापन पर किया कमेंट

यह विवाद उस समय और चर्चा में आ गया, जब अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की। हालांकि, उन्होंने कृति सेनन का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को इसी विज्ञापन से जोड़कर देखा गया। कंगना ने अपने पोस्ट में महिलाओं के पास मौजूद अलग-अलग तरह के फैशन विकल्पों का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाओं के पास कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक पहनने के विकल्प हैं, तो भाई को राखी बांधते समय भी कुछ खास तरह के कपड़े पहनने की जरूरत क्यों महसूस होनी चाहिए। कंगना ने आगे विज्ञापन को लेकर तंज कसते हुए कहा कि यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है।

ब्रांड ने मांगी माफी, सभी प्लेटफॉर्म से हटाया विज्ञापन

विवाद बढ़ने के बाद ज्वेलरी ब्रांड ने विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया। अपने बयान में ब्रांड ने कहा कि उसका उद्देश्य भारतीय त्योहारों और पारिवारिक रिश्तों की खुशी को दिखाना था। हालांकि, अगर विज्ञापन से किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो ब्रांड ने इसके लिए खेद व्यक्त किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular