मुंबई, 26 अगस्त। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 236.01 अंक यानी 0.30 प्रतिशत चढ़कर 77,892.10 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 7.40 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,341.95 पर कारोबार करता नजर आया। शुरुआती कारोबार में बैंकिंग और रियल्टी स्टॉक्स ने बाजार की तेजी को मजबूती दी।
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी प्राइवेट बैंक प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे। इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी मीडिया, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी पीएसई और निफ्टी एनर्जी भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी मेटल, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी आईटी, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी इंफ्रा और निफ्टी ऑटो में दबाव देखने को मिला और ये लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
सेंसेक्स के इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स पैक में इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, इंडिगो, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, टीसीएस, एचयूएल, एचसीएल टेक, कोटक महिंद्रा बैंक और मारुति सुजुकी बढ़त में रहे। दूसरी ओर इंफोसिस, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, एलएंडटी, बीईएल, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक और टाइटन नुकसान में कारोबार करते नजर आए।
क्रूड की कीमतों में गिरावट से बाजार को राहत
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, बुधवार के कारोबार के लिए दो प्रमुख सकारात्मक संकेत हैं। पहला, अमेरिका और ईरान के बीच एक और सीजफायर की खबर तथा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से शिपिंग फिर से शुरू करने के प्रयासों के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर 86.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। भारतीय शेयर बाजार पर हाल के दिनों में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का दबाव रहा था। ऐसे में क्रूड की कीमतों में गिरावट को बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट भी सकारात्मक संकेत
दूसरा सकारात्मक संकेत अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में गिरावट है। 10 साल की अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 4.64 प्रतिशत पर आ गई है। जानकारों के मुताबिक, बॉन्ड यील्ड में गिरावट दुनियाभर के इक्विटी बाजारों के लिए सकारात्मक मानी जाती है।
एशियाई बाजारों में भी मजबूती
भारतीय बाजार के अलावा ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में भी बुधवार को मजबूती के साथ कारोबार हुआ। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, सोल, बैंकॉक और जकार्ता के प्रमुख बाजार हरे निशान में रहे। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाओ जोन्स में 0.30 प्रतिशत की तेजी रही, जबकि टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।


