गुजरात : सूरत में दो सरकारी बसों की टक्कर के बाद CNG बस में लगी आग, 8 यात्रियों की मौत

सूरत, 2 जून। गुजरात में सूरत जिले के बारडोली में उवा गांव के पास मंगलवार को गुजरात व महाराष्ट्र की दो सरकारी बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद CNG बस में अचानक आग लग गई और वह पलट गई। हादसे में कम से कम आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

टैंकर को बचाने के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बारडोली के उवा गांव के पास सड़क पर पहले से एक टैंकर पलट गया था। इस पलटे टैंकर को बचाने की कोशिश में पीछे से आ रही सरकारी बस के ड्राइवर का स्टीयरिंग से कंट्रोल खो गया। नियंत्रण खोने की वजह से बस गलत साइड चली गई और सामने से आ रही दूसरी महाराष्ट्र पासिंग सरकारी बस से सीधे टकरा गई।

टक्कर के बाद CNG बस बनी आग का गोला

दोनों बसों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर ही पलट गई। चूंकि दुर्घटनाग्रस्त बस CNG से चलने वाली थी, इसलिए टक्कर लगते ही उसमें भीषण आग लग गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बारडोली फायर डिपार्टमेंट और बारडोली टाउन पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया।

8 यात्रियों की मौत, घायलों का इलाज जारी

अंतिम समाचार मिलने तक आठ यात्रियों की मौत हो चुकी थी। मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। घायल हुए कई यात्रियों को तुरंत इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका सघन इलाज किया जा रहा है।

युद्ध स्तर पर राहत कार्य शुरू

फिलहाल दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने और हादसे के सही कारणों की जांच के लिए पुलिस ने आगे की कानूनी काररवाई शुरू कर दी है।

पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरत हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है।

मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की अनुग्रह राशि

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular