1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने होलिकोत्सव का किया शुभारंभ, कहा- सुरक्षा के भाव और शांति के माहौल में होते हैं उमंग के पर्व
गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने होलिकोत्सव का किया शुभारंभ, कहा- सुरक्षा के भाव और शांति के माहौल में होते हैं उमंग के पर्व

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने होलिकोत्सव का किया शुभारंभ, कहा- सुरक्षा के भाव और शांति के माहौल में होते हैं उमंग के पर्व

0
Social Share

गोरखपुर, 4 मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरा के अनुसार होलिकोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह सामाजिक समरसता, उमंग और उल्लास का पर्व है। उमंग और उल्लास के पर्व तभी उत्सवी रूप में मनाए जाते हैं, जब शांति होती है। समाज में सौहार्द, सुरक्षा का भाव और विश्वास होता है। उत्तर प्रदेश और पूरा देश आज इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ा है।

बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा और पूर्वजों ने हजारों वर्षों की होली की विरासत को संरक्षित करके जिस भाव से सौंपा है, उसको वर्तमान पीढ़ी उसी उमंग और उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है। आज पूरे प्रदेश में हर तबके का व्यक्ति, हर सनातनी इस पावन पर्व के साथ जुड़कर आनंद की अनुभूति कर रहा है। अगर कहीं कोई मनमुटाव या वैरभाव है, उसे समाप्त करके समरस समाज की स्थापना के प्रयास को आगे बढ़ा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में होलिकादहन के सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुए। प्रदेश में 1 लाख 61 हजार से अधिक स्थानों पर होलिकादहन के कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से उत्साह के साथ आयोजित हुए। स्वाभाविक रूप से होलिकादहन भगवान श्रीहरि विष्णु के महत्वपूर्ण नृसिंह अवतार के स्मरण का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज में जहां कहीं भी अराजकता, अव्यवस्था और अशांति है तो उसका दमन करने के लिए, सज्जन शक्ति के संरक्षण व दुर्जन शक्ति को परास्त करने के लिए, सकारात्मक भाव को प्रोत्साहित करने और नकारात्मक भाव को तिरोहित करने के लिए ईश्वरीय अवतार एक नई प्रेरणा प्रदान करते हैं। हर कालखंड में ये अवतार किसी न किसी रूप में हम सबके सामने होते हैं। उनके अनुरूप हम सब भी प्रह्लाद, शबरी या अर्जुन के रूप में अपनी भूमिका का ईमानदारी पूर्वक निर्वाह करेंगे तो सकारात्मक शक्तियां मजबूत होंगी तथा नकारात्मक ताकतें परास्त होकर अपने आप ही पराभव की ओर जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज नए भारत का दर्शन हो रहा है, ऐसा भारत जो विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर हुआ है। आज का भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में मजबूती के साथ विरासत और विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बना है। हम सब इस बात पर गौरव की अनुभूति कर सकते हैं कि हमें आजादी के अमृतकाल में पीएम मोदी जैसा यशस्वी मार्गदर्शन और नेतृत्व प्राप्त हुआ है। उनके नेतृत्व में भारत विकसित और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है। सीएम योगी ने सभी नागरिकों को होली की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कामना व्यक्त की कि आने वाली पीढ़ियां समरसता के इस पावन पर्व को अनंतकाल तक इसी उमंग और उत्साह के साथ मनाती रहें।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code