जम्मू-कश्मीर : सैन्य अधिकारी की पत्नी पर केस दर्ज, जासूसी से जुड़ी गतिविधि का आरोप

जम्मू, 18 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर में सेना के एक अधिकारी की पत्नी के खिलाफ जासूसी से जुड़ी गतिविधियों के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने चीनी खुफिया एजेंट के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विश्लेषणात्मक शोध-पत्र (analytical papers) तैयार करने के लिए ‘ChatGPT’ और ‘क्लाउड’ जैसे एआई टूल्स का इस्तेमाल किया।

सैन्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तेलंगाना की रहने वाली आरोपित महिला उच्च शिक्षित है और उसने 2023 में संयुक्त राष्ट्र में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में इंटर्नशिप की थी और फिलहाल स्वतंत्र शोधकर्ता के रूप में काम कर रही है।

अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल महिला को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद उससे पूछताछ की गई है और वह जांच एजेंसियों का सहयोग कर रही है। उन्होंने बताया कि महिला को संवेदनशील सुरक्षा, रक्षा और भू-राजनीतिक मुद्दों पर विश्लेषणात्मक लेख तैयार करने का काम सौंपे जाने का आरोप है। इन विषयों में जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) से जुड़ी गतिविधियां, अरुणाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाएं और ड्रोन की तैनाती शामिल हैं।

इस मामले में शुक्रवार को जम्मू के गांधी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। महिला पर जासूसी करने और गोपनीय सरकारी जानकारी को बिना अनुमति इस्तेमाल करने से जुड़े शासकीय गोपनीयता अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। साथ ही, आपराधिक साजिश रचने और देश की संप्रभुता के खिलाफ अपराधों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं भी लगाई गई हैं। एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचना मिलने के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसी और पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 अक्टूबर को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर महिला को उस समय रोका, जब वह कथित तौर पर पठानकोट जाने वाली ट्रेन में सवार होने की तैयारी कर रही थी। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए पास के एक सैन्य स्टेशन ले जाया गया। महिला का मोबाइल फोन जब्त कर विस्तृत फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular