Homeराज्यउत्तरप्रदेशयूपी : कुशीनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी देवघर से लौट रहे श्रध्दालुओं...

यूपी : कुशीनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी देवघर से लौट रहे श्रध्दालुओं की कार, 4 लोगों की मौत, 2 घायल

कुशीनगर, 13 जुलाई। यूपी के कुशीनगर जिले मे पटहेरवा थाना क्षेत्र के बगही गांव के पास रविवार को फोरलेन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और श्रद्धालुओं की लग्जरी कार की टक्कर से चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सवार सिद्धार्थनगर के रहने वाले थे और सभी झारखंड देवघर जलाभिषेक करके लौट रहे थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

 

पुलिस ने बताया कि सिद्धार्थनगर से छह लोग अर्टिगा कार से बिहार के गोपालगंज स्थित थावे दुर्गा मंदिर दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान पटहेरवा थाने के बगही गांव के पास फोरलेन पर ट्रैक्टर ट्रॉली से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना में मनोज सिंह पुत्र ब्रजभूषण सिंह, सुजीत जायसवाल, रामकरण गुप्ता, कैलाश मणि त्रिपाठी की मौत हो गई। वहीं कार के एयरबैग खुलने से ड्राइवर राजेश शर्मा पुत्र कृष्ण चंद्र शर्मा और आगे बैठे प्रशांत कुमार की जान बच गई। हालांकि हादसे में दोनों घायल हो गए हैं। दोनों को सीएचसी तमकुहीराज में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना में घायल प्रशांत शर्मा ने बताया कि वे लोग देवघर झारखंड जलाभिषेक करने गए थे। वहां से शनिवार को बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित थावे पहुंचे और रात्रि विश्राम कर प्रातः माता दुर्गा का दर्शन करने के बाद सिद्धार्थनगर वापस जा रहे थे।

घटनास्थल पर सीओ तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह और कुशीनगर विधायक पीएन पाठक भी पहुंचे थे। राकेश प्रताप सिंह के अनुसार प्राथमिक जांच से यही बात सामने आई है कि कार चालक को झपकी आ जाने के कारण दुर्घटना हुई। अग्रिम आवश्यक काररवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments