नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। देश के दो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों के साथ असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम तक जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट और असम की नागांव लोकसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम की नागांव लोकसभा सीट सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वहीं पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई, जबकि रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
रेजीनगर में हुमायूं कबीर ने डाला वोट
रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष और विधायक हुमायूं कबीर ने सोमपारा-1 ग्राम पंचायत कार्यालय में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। हुमायूं कबीर ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि पुलिस आम मतदाताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों से मुस्लिम मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है और 64 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को उनके पद से हटाने की मांग भी की।
नंदीग्राम में भाजपा के लिए सुवेंदु अधिकारी ने किया प्रचार
नंदीग्राम में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रही हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को भाजपा उम्मीदवार हसिरानी रथ के समर्थन में पैदल मार्च निकाला था। हसिरानी रथ, चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के पूर्व सहयोगी थे और विधानसभा चुनाव में जीत के कुछ समय बाद उनकी हत्या कर दी गई थी।
तमिलनाडु में भी उपचुनाव के लिए मतदान
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी मंगलवार सुबह मतदान शुरू हुआ। धारापुरम में कुल 320 मतदान केंद्रों पर मतदाता वोट डाल रहे हैं। चुनाव को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 3,500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। धारापुरम सीट पर करीब 2.23 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस सीट पर कुल 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
पुडुचेरी और असम में भी मतदान
पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर भी सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। वहीं असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी मतदाता अपने सांसद का चुनाव करने के लिए वोट डाल रहे हैं।
सभी बूथों पर EVM और VVPAT का इस्तेमाल
चुनाव आयोग ने उपचुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की व्यवस्था की है। आयोग के अनुसार, मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट उपलब्ध कराए गए हैं। मतदान प्रक्रिया सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत और नतीजों को लेकर चुनाव आयोग की ओर से आगे जारी किए जाने वाले आंकड़ों पर सभी की नजर रहेगी।


