यूपी चुनाव : भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने निषाद पार्टी और अपना दल (एस) संग सीटों के बंटवारे का किया एलान

नई दिल्ली, 19 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के निमित्त बुधवार को सहयोगी दलों – निषाद पार्टी और अपना दल (सोनेलाल पटेल) से सीटों के बंटवारे की घोषणा करते हुए कहा कि कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल संयुक्त रूप से सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर 300 का आंकड़ा पार करने का भरोसा जताया।

निषाद पार्टी को 12 और अपना दल (एस) को 18-20 सीटें

तय फार्मूले के तहत भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए निषाद पार्टी को 15 सीटें और अपना दल (एस) को 18-20 सीटें दी हैं। अपना दल (एस) ने 2017 के चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन में 12 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें नौ सीटों पर जीत हासिल की थी। इनमें दो विधायकों – विश्वनाथगंज से आर.के. वर्मा और शोहरतगंज से चौधरी अमर सिंह ने पार्टी छोड़ दी है।

2017 में भाजपा और सहयोगी दलों ने जीती थीं 325 सीटें

गौरतलब है कि 2017 में भाजपा ने अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर 403 में से 325 सीटों पर कब्जा किया था जबकि समाजवादी पार्टी सिर्फ 47 सीटों पर सिमटकर रह गई थी। अन्य प्रमुख पार्टियों में बसपा को 19 और कांग्रेस को सात सीटें मिल सकी थीं।

जे.पी. नड्डा ने बुधवार को यहां भाजपा मुख्यालय में राजग नेताओं की बैठक के बाद अपना दल (एस) की नेता व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की मौजूदगी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अपने सहयोगियों – अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में भी हम सब साथ उतरे थे और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर भाजपा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर उतरेगी।’

डबल इंजन की सरकार ने यूपी के विकास में एक नई छलांग लगाई है

नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के विकास में एक नई छलांग लगाई है और उसे नई गति प्रदान की है। कनेक्टिविटी के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में मोदी जी के आशीर्वाद से योगी जी के द्वारा बहुत काम किया गया है। उत्तर प्रदेश में पांच साल पहले पलायन हो रहा था, गुंडागर्दी हो रही थी, अपहरण हो रहे थे, सरकार के सहयोग से माफिया पनप रहे थे। भाजपा सरकार के पिछले पांच साल के कार्यकाल में ये सभी अराजक चीजें समाप्त हो गई हैं। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है।

घोषणा से पहले भाजपा मुख्यालय में हुई राजग नेताओं की बैठक

इस घोषणा से पहले भाजपा मुख्यालय में राजग नेताओं की एक बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री – केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान के अलावा अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद भी मौजूद थे।

भाजपा ने अब तक 109 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है

भाजपा दो बार में अब तक कुल 109 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। इस क्रम में गत 15 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही कुल 107 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। पार्टी ने गोरखपुर से सीएम योगी आदित्यनाथ को और सिराथू सीट से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की थी।

पार्टी ने पहली सूची में जिन 107 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी, उनमें से 105 सीटों पर पहले और दूसरे चरण में मतदान होना है। गोरखपुर में छठे चरण के तहत तीन मार्च को जबकि सिराथू में पांचवें चरण के तहत 27 फरवरी को मतदान होना है। पहली सूची में 20 मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे गए थे। इसी क्रम में मंगलवार को बरेली की दो विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारोँ के नाम घोषित किए गए थे, जहां दूसरे चरण में वोटिंग होनी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular