नई दिल्ली, 7 दिसम्बर। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) की रिकॉर्डतोड़ सफलता पर पंजाब के मुख्यमंत्री और ‘आप’ नेता भगवंत मान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस परिणाम ने साबित कर दिया कि दिल्ली की जनता को नफरत की राजनीति पसंद नहीं है।
भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 15 साल लंबे कांग्रेस शासन और अब एमसीडी में 15 साल लंबे (भाजपा) शासन को उखाड़ फेंका। इससे पता चलता है कि दिल्ली के लोगों को नफरत की राजनीति पसंद नहीं है। वे स्कूलों, अस्पतालों, बिजली, सफाई और बुनियादी ढांचे के लिए वोट करते हैं।’
उल्लेखनीय है कि एमसीडी चुनाव के बुधवार को आए नतीजों में आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा (126) पार करते हुए 134 सीटें जीत ली हैं। इसके साथ ही एमसीडी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 वर्षों का शासन समाप्त हो गया। भाजपा 104 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। कांग्रेस ने नौ और अन्य ने तीन सीटों पर जीत हासिल की।
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए गत चार दिसम्बर को चुनाव हुआ था, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई थी। एमसीडी चुनाव में 50.48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।


