लखनऊ, 29 अगस्त। कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण और मथुरा के परिक्रमा मार्ग से मांस, मछली व मदिरा की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने बड़ा ऐलान किया है। परिषद 30 अगस्त को लखनऊ से ‘मथुरा कूच यात्रा’ निकालने जा रही है। संगठन की ओर से शहर के अलग-अलग चौराहों पर पोस्टर लगाकर लोगों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। परिषद के पोस्टरों पर “अयोध्या काशी हुई हमारी, अब है मथुरा की बारी” और “हर सनातनी की गूंज, नहीं होंगे आधे-आधे, अब मथुरा में होगा केवल राधे-राधे” जैसे नारे लिखे गए हैं। संगठन का कहना है कि अयोध्या के बाद अब मथुरा से जुड़े धार्मिक और आस्था के मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी।
- सुबह 9 बजे लखनऊ से रवाना होगी यात्रा
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि 30 अगस्त को सुबह 9 बजे लखनऊ स्थित परिषद कार्यालय से यात्रा रवाना होगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ से मथुरा के बीच अलग-अलग जिलों में परिषद के कार्यकर्ता यात्रा में शामिल होते जाएंगे। गोपाल राय ने दावा किया कि इसमें करीब 25 हजार कार्यकर्ता और साधु-संत शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा पहुंचने के बाद संगठन की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में परिक्रमा मार्ग पर मांस, मछली और मदिरा की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग भी सरकार और प्रशासन के सामने रखी जाएगी।
- अयोध्या की तर्ज पर मथुरा में कार्रवाई की मांग
गोपाल राय ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और धार्मिक क्षेत्र में मांस-मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाए गए, उसी तरह मथुरा में भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर निर्माण की मांग पूरी करने की अपील की।
- ‘मंदिर के आसपास मांस-मदिरा की बिक्री पर लगे रोक’
परिषद के राष्ट्रीय महासचिव पंकज प्रधान ने भी मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि मंदिर के आसपास मांस और मदिरा की बिक्री रोकने के लिए सरकार को जल्द उचित कदम उठाने चाहिए। पंकज प्रधान के मुताबिक, मथुरा कूच यात्रा का उद्देश्य संगठन की मांगों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लखनऊ से मथुरा के लिए रवाना होंगे और रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर अन्य कार्यकर्ता भी उनके साथ जुड़ते जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक साथ मथुरा पहुंचकर प्रशासन के सामने अपनी मांग रखेंगे, ताकि मांस, मछली और मदिरा की बिक्री पर जल्द से जल्द रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई हो सके। संगठन ने कार्यकर्ताओं और साधु-संतों से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।


