लोकसभा चुनाव के लिए अरविंद केजरीवाल ने देश की जनता को दी 10 गारंटी

नई दिल्ली, 12 मई। लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से देश की जनता के लिए अपने-अपने अंदाज में वादों का पिटारा खोला जा रहा है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी जहां ‘संकल्प पत्र’ के नाम से घोषणापत्र जारी कर चुकी है वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने गारंटियों से भरे अपने घोषणा पत्र को ‘न्याय पत्र’ नाम दिया है।

 

I.N.D.I.A. गठबंधन के दूसरे साथियों के साथ इस पर अभी चर्चा होनी है

अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ‘केजरीवाल की 10 गारंटी’ का एलान कर दिया। दिल्ली के कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद लगातार दूसरे दिन मीडिया से रूबरू सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘मेरी गिरफ्तारी के कारण इसमें देरी हुई, लेकिन अब भी चुनाव के कई चरण बाकी हैं। मैंने अभी I.N.D.I.A. गठबंधन के दूसरे साथियों के साथ इस पर चर्चा नहीं की है। मैं यह गारंटी लेता हूं कि गठबंधन के सत्ता में आने के बाद मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि ये गारंटी लागू हो।’

  • पहली गारंटी : 10 गारंटी में से पहली गारंटी ये है कि हम देश में 24 घंटे बिजली का इंतजाम करेंगे। देश में 3 लाख मेगावाट बिजली पैदा करने की क्षमता है। हमारा देश मांग से अधिक बिजली का उत्पादन कर सकता है। हम सभी गरीबों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देंगे। इसमें 1.25 लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे।
  • दूसरी गारंटी : आज हमारे सरकारी स्कूलों की हालत अच्छी नहीं है। हमारी दूसरी गारंटी यह है कि हम सभी के लिए अच्छी और उत्कृष्ट निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था करेंगे। सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा देंगे।
  • तीसरी गारंटी : आज हमारे देश में सरकारी अस्पतालों की हालत अच्छी नहीं है। हमारी तीसरी गारंटी बेहतर स्वास्थ्य सेवा है। हम सभी के लिए अच्छे इलाज की व्यवस्था करेंगे। हर गांव, हर मोहल्ले में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे।
  • चौथी गारंटी : हमारी चौथी गारंटी है ‘राष्ट्र सर्वोपरि’। चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है, लेकिन हमारी केंद्र सरकार इससे इनकार कर रही है। हमारी सेना में बहुत ताकत है। देश की जितनी भी जमीन पर चीन ने कब्जा कर लिया है, उसे मुक्त कराया जाएगा। इसके लिए जहां एक तरफ कूटनीतिक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे वहीं सेना को इस संबंध में जो भी कदम उठाना हो, उसे उठाने की पूरी आजादी दी जाएगी।
  • पांचवीं गारंटी : अग्निवीर योजना बंद करके सभी अग्निवीरों को पक्का किया जाएगा।
  • छठी गारंटी : हमारी छठी गारंटी किसानों के लिए है। स्वामीनाथन रिपोर्ट के आधार पर किसानों को उनकी फसल का MSP के आधार पर पूरा दाम दिलाया जाएगा।
  • सातवीं गारंटी : हमारी 7वीं गारंटी है कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा, जो कई दशकों से दिल्ली के लोगों का हक है।
  • आठवीं गारंटी : हमारी 8वीं गारंटी बेरोजगारी दूर करना है। बेरोजगारी खत्म करने के लिए अगले एक साल में दो करोड़ रोजगार देंगे।
  • नौवीं गारंटी : हमारी 9वीं गारंटी भ्रष्टाचार खत्म करना है। भाजपा की वॉशिंग मशीन इस देश में भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा कारण है।
  • 10वीं गारंटी : व्यापारियों के लिए हमारी 10वीं और आखिरी गारंटी। GST को PMLA से बाहर किया जाएगा। GST का सरलीकरण किया जाएगा।
RELATED ARTICLES

Most Popular