अमित शाह ने बिहार में कार्यकर्ताओं से कहा – ‘एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना समृद्ध होगा’

रोहतास, 18 सितम्बर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दावा किया कि एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना ही समृद्ध होगा। लालू परिवार पर जुबानी हमला करते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव बिहार का विकास नहीं कर सकते हैं।

भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही चुनाव जीतते हैं

रोहतास जिले के डेहरी में 10 जिलों के चयनित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अन्य दलों में नेता चुनाव जीतते हैं, लेकिन भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही चुनाव जीतते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजद और उनके सहयोगियों को सरकार चलाने का मौका दिया, लेकिन वहां फिरौती और हत्या जैसी घटनाएं होने लगीं। इससे राज्य की समृद्धि नहीं हो सकती।

अमित शाह ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ना है और बिहार को विकास की राह पर ले जाना है तो आने वाले चुनाव में एनडीए की सरकार को वोट देकर मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को जीत दिलाएं।

‘घुसपैठिये बचाओ यात्रा’ है राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा 

शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को ‘घुसपैठिये बचाओ यात्रा’ बताया। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार होना चाहिए, क्या उन्हें राशन या आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए? उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, उनकी जानकारी हर घर तक पहुंचाएं।

भ्रष्टाचार करने वाले बिहार की भलाई नहीं कर सकते

वरिष्ठ भाजपा नेता ने विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये लोग यदि सत्ता में आते हैं तो घुसपैठिये बढ़ेंगे। बिहार सरकार की ओर से हाल ही में की गई घोषणाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है। सामाजिक पेंशन की राशि बढ़ाई गई है। भ्रष्टाचार करने वाले बिहार की भलाई नहीं कर सकते हैं; बिहार का भविष्य एनडीए है।

एनडीए सरकार विकास के काम किए, लालू यादव पूरे जीवन में नहीं कर सकते

उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने जो काम किए, लालू यादव पूरे जीवन में उतना नहीं कर सकते। इन्होंने चारा घोटाला किया, लैंड फॉर जॉब स्कैम किया और जेल में घोटाला किया। एक ओर भ्रष्टाचार वाली सरकार है और दूसरी तरफ मोदी सरकार है, जिस पर एक भी भ्रष्टाचार के दाग नहीं हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular