1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC टी20 विश्व कप : सुपर 8 के पहले मैच में बड़ी हार के बाद बोले कप्तान सूर्यकुमार- हर विभाग में फेल और कई प्रयोग असफल
ICC टी20 विश्व कप : सुपर 8 के पहले मैच में बड़ी हार के बाद बोले कप्तान सूर्यकुमार- हर विभाग में फेल और कई प्रयोग असफल

ICC टी20 विश्व कप : सुपर 8 के पहले मैच में बड़ी हार के बाद बोले कप्तान सूर्यकुमार- हर विभाग में फेल और कई प्रयोग असफल

0
Social Share

अहमदाबाद, 23 फरवरी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ICC टी20 विश्व कप में रविवार की रात सुपर 8 चरण के पहले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रनों की करारी शिकस्त के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम हर विभाग में फेल रही और कई प्रयोग असफल साबित हुए।

सूर्या ने मैच के बाद कहा, ‘बल्लेबाजी में हमारी टीम इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी। मुझे लगता है कि शुरुआत में हम हमेशा मैच में बने रहे। हमने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। 21 रन पर तीन विकेट, और उसके बाद जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और फिर हमने बाद में मैच में वापसी की। कुल मिलाकर, अगर हम देखें तो हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन हम बल्लेबाजी थोड़ी और बेहतर कर सकते थे।’

‘हम तनिक आराम के बाद फिर मजबूती से वापसी करेंगे’

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘मेरा मानना ​​है कि कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है, यदि आप 180-185 रनों का पीछा कर रहे हैं, तो आप पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, बल्कि पावरप्ले में हार सकते हैं। हमने पावरप्ले में बहुत ज्यादा विकेट खो दिए और फिर हम छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं बना पाए, जो हमें 180-185 रनों का पीछा करने के लिए चाहिए थीं, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। हम इससे सीखते हैं, हम थोड़ा आराम करेंगे और फिर मजबूती से वापसी करेंगे।’

बुमराह और अर्शदीप की पेस बैटरी की तारीफ की

जसप्रीत बुमराह व अर्शदीप सिंह की तेज गेंदबाजी को लेकर सूर्यकुमार ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हर कोई जानता है कि उनकी जोड़ी (बुमराह-अर्शदीप) बहुत घातक रही है। दोनों ने साथ में खेला है। यदि आप इस मैच में भी देखें तो दोनों ने आठ-आठ ओवर फेंके, पांच विकेट लिए और 45-50 रन दिए। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो मुझे आंकड़ों की ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन उन्होंने साझेदारी में बहुत अच्छी गेंदबाजी की और हम उनसे यही उम्मीद करते हैं। दोनों अनुभवी हैं और हमारी टीम में दोनों का होना अच्छा है।’

जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मैच की योजनाओं के बारे में सूर्या ने कहा, ‘उम्मीद है कि हम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। बस इतना ही। हम सरल रणनीति अपनाने की कोशिश करेंगे, उसी तरह की क्रिकेट खेलेंगे, जैसी हम खेलना चाहते हैं और कुछ भी नहीं बदलेगा। मुझे लगता है कि हम जोरदार वापसी करेंगे।’

दक्षिण अफ्रीका ने ऑलराउंड प्रदर्शन से 76 रनों से जीत हासिल की

उल्लेखनीय है कि डेविड मिलर के तूफानी अर्धशतक (63 रन, 35 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) के बाद मार्को यानसेन (4-22) की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने न सिर्फ एकतरफा जीत हासिल की वरन प्रतियोगिता में भारत के अजेय क्रम पर रोक भी लगा दी। भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए पिछले टी20 विश्व कप में एक भी मैच नहीं गंवाते हुए खिताब जीता था जबकि मौजूदा टूर्नामेंट के प्रारंभिक लीग चरण के चार मैचों में अजेय रही मेजबान टीम की यह पहली हार थी। यह रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code