1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. एक दिनी सीरीज : गिल व किशन की द्विशतकीय भागीदारी से अफगानिस्तान पस्त, टीम इंडिया को 2-0 की अजेय बढ़त
एक दिनी सीरीज : गिल व किशन की द्विशतकीय भागीदारी से अफगानिस्तान पस्त, टीम इंडिया को 2-0 की अजेय बढ़त

एक दिनी सीरीज : गिल व किशन की द्विशतकीय भागीदारी से अफगानिस्तान पस्त, टीम इंडिया को 2-0 की अजेय बढ़त

0
Social Share

लखनऊ, 17 जून। कप्तान शुभमन गिल (154 रन, 110 गेंद, दो छक्के, 22 चौके) व विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (125 रन 79 गेंद, सात छक्के, 14 चौके) के भारी भरकम शतकीय प्रहारों एवं उनके बीच बहुमूल्य द्विशतकीय भागीदारी अफगानिस्तान पर कुछ ज्यादा ही भारी गुजरी, जो बुधवार को यहां खेले गए दूसरे एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मैच में 170 रनों से पस्त हो गया और टीम इंडिया को तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त सौंप बैठा।

शुभमन-किशन ने 141 गेंदों पर ठोक दिए 224 रन

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ने ओपनर रोहित शर्मा (48 रन, 39 गेंद, दो छक्के, छह चौके) की ठोस पारी के बाद गिल व किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 141 गेंदों पर निभी 224 रनों की धांसू भागीदारी की मदद से 49.5 ओवरों में 402 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।

62 रनों पर अंतिम 7 विकेट खोने के बावजूद 402 तक जा पहुंचे मेजबान

गनीमत रही कि स्लाग ओवरों में अफगानी गेंदबाजों ने वापसी की और आखिरी 10 ओवरों में भारत ने 62 रनों की वृद्धि पर सात विकेट गंवा दिए अन्यथा एक समय मेजबान 450 या उससे पार जाते प्रतीत हो रहे थे।

अर्शदीप व गुरनूर के सामने 232 रनों पर सिमटी अफगान टीम

जवाबी काररवाई अफगानिस्तान कभी भी इस विशाल लक्ष्य के आस-पास भी नहीं पहुंच सका। अर्शदीप सिंह (3-45) व गुरनूर बरार (3-60) सहित अन्य भारतीय गेंदबाजों के सामने रहमत शाह ने (79 रन, 89 गेंद, आठ चौके), सेदिकुल्लाह अटल (42 रन, 50 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) व रहमानुल्लाह गुरबाज (41 रन, 33 गेंद, एक छक्का, सात चौके) ही तनिक प्रतिरोध दिखा सके और मेहमान टीम 44.3 ओवरों में 232 रनों पर ऑलआउट हो गई।

पेसर प्रिंस यादव ने भी पहले ही मैच में झटके 2 विकेट

पदार्पण कर रहे दरविश रसूली अपनी पारी के बीच में चोटिल होकर रिटायर हर्ट हो गए और दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं आए। अर्शदीप व गुरनूर के अलावा पदार्पण मैच खेलने वाले पेसर प्रिंस यादव ने भी 56 रन खर्च कर दो विकेट लिए।

रोहित ने गिल संग 67 गेंदों पर जोड़े 87 रन

भारतीय पारी देखें तो यशस्वी जायसवाल (चार रन, एक चौका) यद्यपि दूसरे ओवर में मोहम्मद सलीम के सामने लौट गए। लेकिन रोहित ने गिल संग आक्रामक पारी खेली और दोनों के बीच 67 गेंदों पर तेज 87 रनों की भागीदारी आ गई। रोहित को 14वें ओवर में लेग स्पिन गुगली विशेषज्ञ राशिद खान (3-48) में बोल्ड मारा।

गिल के बल्ले से निकला नौवां शतक, किशन ने खत्म किया 3 वर्षों का इंतजार

फिलहाल इसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ गिल व किशन ने विस्फोटक प्रहारों से मेहमानों गेदबाजों को असहाय कर दिया। द्विशतकीय भागीदारी के बीच गिल ने बेहद गर्मी और पैर में जकड़न के बावजूद अपना नौवां शतक पूरा किया तो किशन ने अपने दूसरे एक दिनी शतक का तीन वर्षों का इंतजार खत्म किया।

अंततः 37वें ओवर में 320 रनों के योग पर यह विशालकाय भागीदारी टूटी, जब वामहस्त स्पिनर नांगेयालिया खरोटे (4-76) ने किशन को लौटाया। नए बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (26 रन, 24 गेंद, एक छक्का, एक चौका) संग स्कोर 360 रनों तक पहुंचाने के बाद शुभमन को भी 43वें ओवर में खरोटे ने अपना दूसरा शिकार बनाया जबकि केएल राहुल (शून्य) अगली ही गेंद पर लौट गए।

स्कोर कार्ड

इसके बाद सिर्फ वाशिंगटन सुंदर (19 रन, 19 गेंद, एक चौका) ही दहाई में पहुंच सके। इस क्रम में अंतिम सात विकेट पर सिर्फ 42 रनों की वृद्धि पर जा गिरे, लेकिन टीम इंडिया अपने एक दिनी इतिहास में आठवीं बार 400 पार जाने के साथ दक्षिण अफ्रीका के रिकॉर्ड की बराबरी में सफल हो गई।

रहमत शाह ने अफगानिस्तान का इकलौता पचासा ठोका

कठिन लक्ष्य का पीछा करते वक्त अफगानिस्तान के लिए पिछले मैच के शतकवीर रहमानुल्लाह व इब्राहिम जादरान (21 रन, 31 गेंद, तीन चौके) ने पहले विकेट पर 52 रन जोड़े तो सेदिकुल्लाह व रहमत के बीच तीसरे विकेट पर 57 रनों की दूसरी अर्धशतकीय भागीदारी देखने को मिली। इसके बाद रहमत एक छोर पर खड़े रहते हुए सामने साथी बल्लेबाजों की विदाई देखते रहे और खुद पारी का इकलौता पचासा जड़ने के बाद अंतिम बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code