G7 समिट से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात में पीएम मोदी बोले- भारतीय नाविकों की सुरक्षा बेहद अहम

एवियन लेस बेंस (फ्रांस), 17 जून। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को यहां G7 समिट से इतर द्विपक्षीय मुलाकात हुई। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा बेहद अहम है और होर्मुज स्ट्रेट खुलना दुनिया के लिए बहुत जरूरी है।

बीते दिनों भारतीय झंडे वाले जहाज पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत के मामले पर पूछे गए सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ये बहुत सख्त पेशा है और हम इन लोगों से प्यार करते हैं और इस पर जरूर साथ काम करेंगे।’ इसके साथ ही पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाल कराने की ट्रंप की कोशिशों की प्रशंसा की और उनका आभार व्यक्त किया।

वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी के लिए कहा कि वो ‘फरिश्ते’ की तरह लगते हैं। ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर कहा कि ये बहुत नज़दीक है और पीएम मोदी बहुत ‘सख्त नेगोशिएटर’ हैं।

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति समझौते के लिए ट्रंप के प्रयासों की सराहना की

द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पत्रकारों से मिले। इस दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से कहा, ‘पश्चिम एशिया में शांति के प्रयास में जो प्रगति हुई है, इसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आपके इन प्रयासों के कारण पश्चिम एशिया में एक नई किरण नजर आ रही है और हम आशा करते हैं कि चिर स्थाई शांति आएगी। आप और हम सब इसी बात से सहमत हैं कि होर्मुज स्ट्रेट का खुला रहना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ही अनिवार्य है। हम हमेशा कहते रहे हैं कि फ्रीडम ऑफ नेविगेशन सुनिश्चित होना चाहिए और हम सबको इस पर मिलकर के बल देना चाहिए।’

प्रधानमंत्री ने ट्रंप से कहा, ‘आप जानते हैं कि मैरीटाइम ट्रेड की दुनिया में भारत के लाखों सीफेरर्स दुनिया के अलग-अलग समुद्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, विश्व की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान दे रहे हैं और मैं समझता हूं कि उनकी सुरक्षा भी उतना ही महत्वपूर्ण है।’

पीएम मोदी ने ईरान और अमेरिका के बीच समझौता पर सहमति बनने की तारीफ करते हुए ट्रंप से कहा, ‘समझौते के लिए शांति के प्रयासों में आपने भरपूर प्रयास किया है, मुझे पूरा विश्वास है कि समझौते में सीफ़ेरर की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और उसको प्राथमिकता भी मिलेगी। मैं फिर एक बार पश्चिम एशिया में शांति बहाल कराने के आपके भरसक प्रयासों का मैं प्रशंसा करता हूं और आपका अभिनंदन करता हूं।’

पीएम मोदी के इस बयान के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों के सवाल लिए और उनका जवाब दिया जबकि पीएम मोदी से किसी भी पत्रकार ने कोई सवाल नहीं पूछा।

ट्रंप बोले – भारत-अमेरिका ट्रेड डील नजदीक, पीएम मोदी ‘सख्त वार्ताकार’

अमेरिका-भारत की ट्रेड डील को लेकर एक सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “वह (पीएम मोदी) बहुत सख्त वार्ताकार हैं। असल में, वह सबसे सख्त लोगों में से एक हैं। वह सबसे सुंदर दिखने वाले आदमी हैं। वह बहुत अच्छे दिखते हैं। वह एक फरिश्ते जैसे हैं। लेकिन असल में वह बहुत सख्त हैं। वह बहुत अच्छे दिखते हैं, इसलिए वह आपको सरप्राइज कर देते हैं, लेकिन ऐसे बहुत कम लोग हैं। लोग कहते हैं, ‘वह बहुत अच्छे आदमी हैं.’ मैं कहता हूं, ‘वह बहुत सख्त हैं’… हम भविष्य में कभी भारत जाएंगे।”

पिछली भारत यात्रा को याद कर बोले- भविष्य में फिर भारत जाएंगे

ट्रंप ने कहा, ‘पिछली बार भारत में मेरी यात्रा बहुत शानदार थी। हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था और मेरा मानना है कि वहां तीन चार लाख लोग मौजूद थे। उस स्टेडियम में करीब 1.5 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था थी जबकि बाहर लगभग 2.5 लाख लोग थे और करीब एक लाख लोग मैदान की घास पर मौजूद थे… मुझे नहीं पता कि वो रिकॉर्ड टूटा या नहीं… लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता था।’

‘हर चीज में भारत अहम भूमिका निभाता है, जब तक ये (पीएम मोदी) नेता हैं’

ओमान के नजदीक अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर संवेदना जाहिर करने को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, ‘मैंने इसके बारे में सुना है, यह एक मुश्किल प्रोफेशन है और हम इस पर साथ मिलकर काम करते हैं। यह हमेशा से होता रहा है, लेकिन हम साथ मिलकर काम करते हैं। हम उन सभी लोगों से प्यार करते हैं।’ क्या भारत पश्चिम एशिया में अहम भूमिका निभा सकता है? इस सवाल पर ट्रंप ने कहा, ‘हर चीज में भारत अहम भूमिका निभाता है, जब तक ये (पीएम मोदी) नेता हैं।’

RELATED ARTICLES

Most Popular