1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. त्रिकोणीय सीरीज : अफगानिस्तान ए का उलटफेर, विशाल स्कोर के बावजूद DLS प्रणाली से भारत ए परास्त
त्रिकोणीय सीरीज : अफगानिस्तान ए का उलटफेर, विशाल स्कोर के बावजूद DLS प्रणाली से भारत ए परास्त

त्रिकोणीय सीरीज : अफगानिस्तान ए का उलटफेर, विशाल स्कोर के बावजूद DLS प्रणाली से भारत ए परास्त

0
Social Share

दाम्बुला, 11 जून। ओपनर प्रभसिमरन सिंह (84 रन, 69 गेंद, 14 चौके) की अगुआई में बल्लेबाजों के पराक्रम के बावजूद भारत ए को यहां त्रिकोणीय एक दिनी सीरीज के दूसरे मैच में उलटफेर का शिकार होना पड़ा, जब अफगानिस्तान ए ने बारिश से बाधित मुकाबले में डकवर्थ-लुइस-स्टर्न (DLC) प्रणाली के आधार पर चार रनों से जीत हासिल कर ली।

प्रभसिमरन, तिलक व ऋतुराज के पचासों से 349 रनों तक जा पहुंचा था भारत ए

रणगिरि दाम्बुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ए ने प्रभसिमरन, कप्तान तिलक वर्मा (66 रन, 73 गेंद, पांच चौके) व उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (66 रन, 80 गेंद, तीन चौके) के अर्धशतक के अलावा किशोरवय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी (44 रन, 22 गेंद, नौ चौके) व सूर्यांश शेडगे (40 रन, 27 गेंद, दो छक्के, दो चौके) के आक्रामक प्रहारों से 49 ओवरों में नौ विकेट पर ही 349 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। भारतीय पारी के दौरान हल्की बूंदाबांदी के कारण मैच प्रति टीम 49 ओवर का कर दिया गया था।

बारिश से अंतिम बार खेल रुका तो अफगानिस्तान लक्ष्य से 4 रन आगे था

भारतीय पारी के बाद बारिश का दखल ज्यादा ही गंभीर हो गया। इस क्रम में बार-बार बारिश से खेल बाधित होने के बाद अफगानिस्तान ए को 38 ओवरों में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। उसके बाद टीम का स्कोर 25.5 ओवरों में दो विकेट पर 177 रनों तक पहुंचा था, तभी फिर बारिश शुरू हो गई। उस समय अफगानिस्तान डीएलएस प्रणाली के आधार पर लक्ष्य से चार रन आगे था। इसी आधार पर उसे विजेता घोषित कर दिया गया।

इमरान-बहीर की शतकीय भागीदारी से अफगानिस्तान ए ने दिया मजबूत जवाब

अफगानिस्तान ए की पारी देखें तो ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कप्तान इमरान (नाबाद 75 रन, 70 गेंद, दो छक्के, छह चौके) और हसन इसाखिल (34 रन, 29 गेंद, 6 चौके) ने 63 रन जोड़कर आक्रामक शुरुआत दी। इसके बाद अरशद खान (1-38) व अनुकूल रॉय (1-24) ने छह रनों के भीतर दो विकेट निकाले। लेकिन बहीर शाह (नाबाद 51 रन, 52 गेंद, पांच चौके) और इमरान ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 108 रनों की अटूट शतकीय भागीदारी कर दी। फिलहाल 177 के स्कोर पर बारिश फिर आ धमकी तो फिर खेल शुरू नहीं हो सका।

भारतीय पारी में 70+ की चार भागीदारियां

इसके पूर्व भारतीय पारी में 70 प्लस की चार बड़ी भागीदारियां देखने को मिलीं। 200 के स्ट्राइक रेट से 44 रन ठोकने वाले वैभव व प्रभसिमरन के बीच 43 गेंदों पर 74 रन जुड़े तो पिछले मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ शतक जड़ने वाले गायकवाड़ व प्रभसिमरन ने तीसरे विकेट के लिए 79 रनों की भागीदारी कर दी।

स्कोर कार्ड

फिर बारी आई तिलक की, जिन्होंने लगातार दूसरा पचासा जड़ने के साथ गायकवाड़ संग चौथे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी कर दी। अंत में तिलक ने सूर्यांश शेडगे ने छठे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर भारत को सवा तीन सौ के पार पहुंचा दिया। अफगानिस्तान ए के लिए पेसर अब्दुल्ला अहमदजई ने 68 रन देकर पांच विकेट लिए तो फरमानुल्ला को 85 पर तीन विकेट मिले।

भारत ए व श्रीलंका ए 15 जून को फिर आमने-सामने

भारत ए का अगला मैच 15 जून को श्रीलंका ए से होगा। दोनों टीमों की पहली मुलाकात भारत ए ने आठ रनों से अपने नाम की थी। वहीं अफगानी टीम 13 जून को श्रीलंका ए से खेलेगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code