भारत में कोरोना संकट : डेढ़ वर्ष बाद सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख से कम

नई दिल्ली, 1 दिसंबर। कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रान से आशंकित खतरों के बीच भारत में डेढ़ वर्ष (547 दिनों में) बाद इलाजरत कोरोना मरीजों की संख्या घटकर एक लाख से कम रह गई। मंगलवार की रात तक देशभर में 0.29 फीसदी की दर से कुल 99,023 सक्रिय मामले दर्ज किए गए। यानी इतने कोराना मरीजों का देश के भिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में अब भी इलाज चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।

24 घंटे के दौरान लगभग 9 हजार नए संक्रमित

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान देश में 8,954 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही देश में अब तक लगभग 3.46 करोड़ लोगों में इस जानलेवा बीमारी की पुष्टि हुई है। वहीं दिनभर में 10,207 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए। 98.36 फीसदी की दर से देश में अब तक 3.40 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं।

मृत्युदर बढ़कर 1.36 फीसदी, अब तक 4.69 लाख मौतें

हालांकि अब तक 4.69 लाख जानें भी जा चुकी हैं। इस दौरान मृत्यु दर बढ़कर 1.36 फीसदी तक जा पहुंची है। मंगलवार को कुल 119 कोविड रोगियों की मौत हुई। लेकिन केरल का 158 बैकलॉग जोड़कर दिनभर में कुल 267 मौतें दर्शाई गईं। इसी कड़ी में दैनिक पॉजिटिविटी दर 0.81 प्रतिशत है, जो पिछले 58 दिनों से दो प्रतिशत से कम है जबकि साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 0.84 प्रतिशत है, जो पिछले 17 दिनों से एक प्रतिशत से कम है।

टीकाकरण का आंकड़ा 124 करोड़ के पार

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 319 दिनों में अब तक 124.10 करोड़ कोविडरोधी टीके लगाए जा चुके हैं जबकि 30 नवंबर तक कुल 64.24 करोड़ लोगों के कोविड सैम्पल की जांचे की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 30 नवंबर, 2021 के कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 8,954

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 10,207

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 267 (इनमें केरल का 158 बैकलॉग भी शामिल)

अब तक कुल संक्रमित : 3,45,96,776

अब तक कुल स्वस्थ : 3,40,28,506

रिकवरी दर : 98.36%

अब तक कुल मौतें : 4,69,247

मृत्यु दर : 1.35%

इलाजरत मरीज : 99,543 (दैनिक गिरावट 1,520)        सक्रियता दर : 0.29%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 80,98,716

319 दिनों में कुल टीकाकरण  : 1,24,10,86,850

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 11,08,467

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 64,24,12,315.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular