AAP अकेले लड़ेगी दिल्ली विधानसभा चुनाव, केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों से किया इनकार

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’-कांग्रेस के गठबंधन को लेकर बन रही तस्वीर पर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस के साथ किसी गठबंधन से इनकार करते हुए कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी अपने दम पर अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

अरविंद केजरीवाल ने X हैंडल पर लिखा – ‘आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।’

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को शरद पवार के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की एक बैठक हुई थी, जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस-AAP के बीच गठबंधन हो सकता है। लेकिन आज अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर अपना रुख स्पष्ट कर दिया कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में AAP अकेले ही चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।

गठबंधन के कयासों के बाद केजरीवाल ने स्पष्ट किया रुख

दरअसल, मंगलवार को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन की सुगबुगाहट शुरू हुई थी। सूत्रों के हवाले से खबरें आईं कि दिल्ली में कांग्रेस-AAP साथ आ सकते हैं। इसके बाद अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के नेता शरद पवार के घर पहुंचे तो गठबंधन की खबरों ने और जोर पकड़ लिया। आज सुबह एक बार फिर ये कयास लगाए जाने लगे कि कांग्रेस-AAP, दिल्ली के रण में भाजपा को मात देने के लिए एक दूजे का हाथ थामने वाले हैं। लेकिन केजरीवाल ने जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर दी।

आप की ओर से अब तक जारी की जा चुकी है उम्मीदवारों की दो लिस्ट

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी अब तक क्रमशः 11 व 20 उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी कर चुकी है। पार्टी जोर-शोर से प्रचार में भी जुट गई है। खुद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल लोगों के बीच जाकर उनसे संपर्क कर रहे हैं जबकि भाजपा नेता केजरीवाल को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।

भाजपा इस बार दिल्ली को AAP मुक्त बनाने का दावा कर रही

इसी क्रम में भाजपा की ओर से मंगलवार को वीडियो जारी कर ‘शीशमहल’ के नाम पर अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए गए। वहीं केजरीवाल के खिलाफ भाजपा ने चार्जशीट बनाकर जनता के बीच पेश कर दिया है। पार्टी ने दावा किया है कि इस बार दिल्ली को AAP मुक्त बनाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular