उत्तर प्रदेश चुनाव : आम आदमी पार्टी ने जारी की 150 प्रत्याशियों की पहली सूची

लखनऊ, 17 जनवरी। आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने 150 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी सांसद संजय सिंह ने एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी हैं।

‘आप’ सांसद संजय सिंह ने कहा, ‘8 पीएचडी, 8 एमबीए, 7 इंजीनियर, 4 डॉक्टर, 38 पोस्ट ग्रेजुएट, 39 ग्रेजुएट, 8 बीएड और 6 डिप्लोमाधारकों के साथ यूपी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर रहा हूं। सभी साथियों को हार्दिक शुभकामनाएं।’ पहली सूची में ओबीसी वर्ग के 55, मुस्लिम समुदाय के 14, अनुसूचित जाति के 31, कायस्थ 6, ब्राह्मण वर्ग के 36 और 8 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।

गंदी सियासत पर झाड़ू चलाने के लिए आम आदमी पार्टी तैयार

संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की नई राजनीति के आगाज के मकसद से गंदी सियासत पर झाड़ू चलाने के लिए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अब यह उत्तर प्रदेश की जनता के ऊपर है कि वह ऐसे योग्य उम्मीदवारों को चुनकर विधानसभा भेजे और उत्तर प्रदेश से राजनीति की गंदगी का सफाया करे।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह के खिलाफ गाजियाबाद से पंकज अवाना को टिकट दिया गया है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ विष्णु कुमार को टिकट दिया गया है जबकि कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के खिलाफ राजीव यादव को उतारा गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular