परिसीमन पर INDIA में फूट! स्टालिन और शरद पवार को मनाने निकले खड़गे-राहुल, कांग्रेस की बढ़ी टेंशन

नई दिल्ली, 29 नवंबर। संसद में परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA में मतभेद उभरने लगे हैं। केंद्र सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ विपक्ष को एकजुट रखने के लिए कांग्रेस ने अब नाराज सहयोगी दलों को मनाने की कोशिश तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता रविवार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) प्रमुख एमके स्टालिन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद पवार (एनसीपी-एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों नेताओं को केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन नहीं करने के लिए मनाना है। यह मुलाकात सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक एक दिन पहले हो रही है। ऐसे में विपक्षी एकजुटता के लिहाज से इसे काफी अहम माना जा रहा है।

चेन्नई में स्टालिन से मिलेंगे खड़गे, राहुल और सोनिया गांधी

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी रविवार को चेन्नई पहुंचेंगी। यहां सभी नेता डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। यह बैठक दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे के बीच होने की संभावना है। कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश होगी कि डीएमके को परिसीमन विधेयक के समर्थन से पीछे हटने के लिए राजी किया जाए।

मुंबई में शरद पवार से भी होगी मुलाकात

चेन्नई में बैठक के बाद कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेता रविवार रात करीब आठ बजे मुंबई पहुंचेंगे। यहां रात नौ बजे के आसपास कैंडी अस्पताल में एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात प्रस्तावित है। इस बैठक में परिसीमन विधेयक पर एनसीपी-एसपी का रुख स्पष्ट करने और विपक्ष के साथ मिलकर विरोध करने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।

डीएमके ने किया समर्थन, एनसीपी-एसपी में असमंजस

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन में सबसे बड़ा मतभेद डीएमके और एनसीपी-एसपी के रुख को लेकर सामने आया है। डीएमके ने केंद्र सरकार के प्रस्ताव को समर्थन देने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार ने एमके स्टालिन की मांगों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए वह विधेयक के समर्थन में है। वहीं, एनसीपी-एसपी की ओर से भी अब तक स्पष्ट रुख सामने नहीं आया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने विधेयक के समर्थन का ऐलान किया था। हालांकि, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बाद में स्पष्ट किया कि इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

संसद के विशेष सत्र में पेश होगा संविधान संशोधन विधेयक

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब केंद्र की भाजपा नीत सरकार संसद के विशेष सत्र में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने, लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने और वर्ष 2051 तक परिसीमन प्रक्रिया को स्थिर रखने का प्रस्ताव शामिल है। कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के कुछ दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस की यह कवायद विपक्षी एकजुटता बनाए रखने की बड़ी कोशिश मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular