नई दिल्ली, 29 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा की सभी महान विभूतियों को नमन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान के रूप में देश को मिली सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है। यह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश का मार्गदर्शन करती रहेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब व संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन। संविधान के रूप में उनकी ओर से दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।”
संविधान निर्माताओं के सामूहिक चिंतन को किया नमन
प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माताओं के सामूहिक चिंतन और दूरदर्शिता को नमन करते हुए एक संस्कृत सुभाषितम् भी साझा किया। इसमें लिखा है,
“बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः।
कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥”
यह श्लोक प्रसिद्ध संस्कृत नीति ग्रंथ पंचतंत्र के तृतीय तंत्र ‘काकोलूकीयम्’ से लिया गया है। इसका भावार्थ है कि विद्वानों द्वारा अनेक लोगों के साथ मिलकर अच्छी तरह विचार-विमर्श और विवेचना के बाद निर्धारित की गई नीतियां किसी भी परिस्थिति में नष्ट नहीं होतीं।
26 नवंबर 1949 को अपनाया गया था भारतीय संविधान
गौरतलब है कि भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान पूरे देश में लागू हुआ और भारत एक गणराज्य बना।
2015 से पूरे देश में मनाया जा रहा संविधान दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस के रूप में मनाने की पहल की थी। हालांकि, इससे पहले वर्ष 2009 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने राज्य में इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी।
केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर 2015 को अधिसूचना जारी कर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका प्रमुख उद्देश्य देश के नागरिकों के बीच संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


