Guru Nanak Jayanti 2026 : PM मोदी ने दी प्रकाश पर्व की बधाई, कच्छ गुरुद्वारे को किया याद

नई दिल्ली, 24 नवंबर, Guru Nanak Jayanti 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कामना की कि गुरु नानक देव जी का संदेश ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा दे, जो करुणा, आपसी सद्भाव और सभी के कल्याण पर आधारित हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उनका संदेश हमें एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे, जो करुणा, आपसी सद्भाव और सभी के कल्याण पर आधारित हो।”

पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में गुरु नानक देव की शिक्षाओं को किया याद

प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के संदेश केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी प्रेरणादायक और प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं हमें सादगी, सद्भाव और दूसरों के प्रति समर्पण की भावना से जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा संपूर्ण मानवता के कल्याण के बारे में सोचा। उन्होंने समाज को सत्य, कर्म, सेवा, करुणा और सौहार्द का रास्ता दिखाया। गुरु नानक देव जी ने सेवा भावना और मानवता की भलाई के लिए जो सीख दी, उसका पालन सिख समुदाय के लोग आज भी दुनियाभर में कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को भी मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।

कच्छ के ऐतिहासिक गुरुद्वारे का जिक्र, मोदी आर्काइव ने साझा किया वीडियो

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर ‘मोदी आर्काइव’ हैंडल से भी एक विशेष वीडियो साझा किया गया। इसमें गुजरात के कच्छ स्थित लखपत गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक क्षणों को याद किया गया है। वीडियो में बताया गया कि वर्ष 2001 में आए विनाशकारी भूकंप में यह ऐतिहासिक गुरुद्वारा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

इसके बाद नरेंद्र मोदी के प्रयासों से इसका पुनर्निर्माण कराया गया। वीडियो में नरेंद्र मोदी के पुराने संबोधन का अंश भी शामिल है। इसमें उन्होंने बताया था कि लखपत का गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। मान्यता और ऐतिहासिक परंपराओं के अनुसार, गुरु नानक देव जी अपनी यात्राओं के दौरान यहां ठहरे थे। गुरुद्वारे में आज भी उनकी पादुकाएं सुरक्षित रखी गई हैं।

भूकंप में तबाह हुआ था गुरुद्वारा, फिर किया गया पुनर्निर्माण

अपने पुराने संबोधन में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि 26 जनवरी 2001 को आए कच्छ भूकंप में लखपत का ऐतिहासिक गुरुद्वारा नष्ट हो गया था। उन्होंने इसे केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरी मानवता की अनमोल विरासत बताया था।उन्होंने कहा था कि उनके मन में इस पवित्र स्थल को दोबारा उसी स्वरूप में तैयार करने का संकल्प था। इसके बाद गुरुद्वारे का पुनर्निर्माण कराया गया, ताकि गुरु नानक देव जी से जुड़ी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सके।

लखपत गुरुद्वारा अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के कारण विशेष पहचान रखता है। इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने का उल्लेख भी प्रधानमंत्री के पुराने संबोधन में किया गया था। प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश और लखपत गुरुद्वारे से जुड़ी स्मृतियां गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, सेवा भावना और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को एक बार फिर सामने लाती हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular