India-Nepal Relations : पीएम मोदी और भारतवासियों को नेपाल आने का न्योता, बालेंद्र शाह बोले- पहाड़ों जितना मजबूत हो दोस्ती का भरोसा

नई दिल्ली, 23 नवंबर, India-Nepal Relations : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतवासियों को नेपाल की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को देखने के लिए आमंत्रित किया है। सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाह ने नेपाल की ओर से भारत को यह खास न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की दोस्ती ऐसी होनी चाहिए, जिसमें भरोसा पहाड़ों जितना मजबूत और सहयोग नदियों की तरह निरंतर बहता रहे।

मुक्तिनाथ, पशुपतिनाथ और माता जानकी के दर्शन का दिया न्योता

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा, “मैं आपको नेपाल आने के लिए दिल से न्योता देता हूं, जो मुक्तिनाथ भगवान, हिमालय की गोद में बसे श्री पशुपतिनाथ, तराई के मैदानों में माता जानकी, जनकजी, जीवित देवी कुमारी और शांति के अग्रदूत गौतम बुद्ध की जन्मभूमि है।” उन्होंने नेपाल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी नेपाल आने का निमंत्रण दिया। शाह ने कहा कि नेपाल और भारत की दोस्ती दोनों देशों की खुशहाली सुनिश्चित करेगी। उन्होंने दोनों देशों के बीच भरोसे को पहाड़ों जितना मजबूत और सहयोग को नदियों की तरह लगातार बहते रहने की कामना की।

नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे: पीएम मोदी

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के रिश्तों को विश्वास का अटूट बंधन बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सिर्फ पड़ोसी होने का संबंध नहीं है, बल्कि इतिहास, संस्कृति और परंपराएं भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच सदियों पुराने आत्मीय रिश्ते हैं। पीएम मोदी ने 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा, “वहां मैंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।” उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों की यही विशेषता दोनों देशों को एक-दूसरे के करीब लाती है।

नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की।मोदी ने कहा कि भारत नेपाल के विकास और समृद्धि के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पैकेज का उद्देश्य नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देना है।

आठ समझौतों पर हस्ताक्षर, कई क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग

इससे पहले हैदराबाद हाउस में दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इसमें दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए आठ समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

सरयू-कमला एक्सप्रेस से जुड़ेंगे अयोध्या और जनकपुर

भारत-नेपाल संबंधों में इस मुलाकात का एक अहम पड़ाव सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भी रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई। यह रेल सेवा भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुरधाम को सीधे रेल संपर्क से जोड़ेगी। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular