SCO सभ्यतागत संवाद फोरम के उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी – वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव

नई दिल्ली, 20 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे समय, जब दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हावी है, भारत में सभ्यतागत संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव पर विचार-विमर्श हो रहा है। वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव है। ऐसे में इस फोरम का महत्व और बढ़ जाता है।

एससीओ देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग पर जोर

पीएम मोदी ने फोरम में शामिल होने के लिए भारत आए सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध और अशांति के माहौल के बीच सभ्यतागत संवाद और आपसी संपर्क पर चर्चा करना बेहद महत्वपूर्ण है। कुछ महीने पहले शंघाई सहयोग संगठन ने अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाई। पिछले वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया है। सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन संबंधों को और मजबूत कर सकता है।

नए विचारों और सहयोग की संभावनाओं का मंच

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह फोरम नए विचारों को प्रोत्साहित करेगा और सांस्कृतिक सहयोग के लिए नई संभावनाएं पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। आज अंतरराष्ट्रीय सहयोग और लोगों के बीच संपर्क (पीपल-टू-पीपल कनेक्ट) की बहुत चर्चा होती है, लेकिन यह सोच और दृष्टिकोण हमारे पूर्वजों ने सदियों तक समृद्ध किया था।

प्राचीन व्यापार मार्गों ने बढ़ाया सभ्यताओं का संपर्क

उन्होंने प्राचीन व्यापारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब पांच हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे। बाद में दूसरे व्यापार मार्गों ने इन संपर्कों को नया विस्तार दिया। भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के अनेक क्षेत्र इन प्राचीन व्यापार नेटवर्क से जुड़े थे।

व्यापार के साथ विचारों और परंपराओं का भी हुआ आदान-प्रदान

पीएम मोदी ने कहा कि इन मार्गों पर व्यापारियों के साथ विद्वानों और बौद्ध भिक्षुओं का भी आवागमन होता था। इन यात्राओं के माध्यम से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ। साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सभ्यतागत संवादों ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है।

तकनीक ने सांस्कृतिक जुड़ाव के नए रास्ते खोले

प्रधानमंत्री ने कहा कि एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह दुनिया को दिशा देने वाला मंच बन सकता है। 21वीं सदी की तकनीक ने सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। जिन रास्तों पर कभी हमारे पूर्वजों को महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से ज्ञान और संस्कृति साझा करना आसान

उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझा करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं अधिक आसान बना दिया है। एससीओ देशों को इन नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब ज्ञान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचता है, तो उसकी अभिव्यक्ति का तरीका बदल सकता है, लेकिन उसका प्रभाव और महत्व नहीं बदलता। ज्ञान चाहे जिस रूप में हो, वह हमेशा प्रकाश फैलाता है।

साझा विरासत के संरक्षण में सहयोग का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कहा कि एससीओ देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों वर्षों की अनमोल विरासत सुरक्षित है। प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ ग्रंथ, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां सदस्य देशों के आपसी जुड़ाव के अनेक पहलुओं को सामने लाती हैं।

पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और अनुवाद पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि आज तकनीक की मदद से इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के बेहतरीन अवसर उपलब्ध हैं। सदस्य देश प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद में सहयोग कर सकते हैं। संयुक्त शोध परियोजनाओं के माध्यम से साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने लाया जा सकता है। इससे दुनिया के किसी भी हिस्से में बैठा युवा दूसरे देश की सांस्कृतिक विरासत को बेहतर तरीके से समझ सकेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular