EC का बड़ा एक्शन : यूपी के सभी ERO ऑफिस के कंप्यूटर सहायकों की ID बंद होगी

लखनऊ, 31 अक्टूबर। चुनाव आयोग (EC) ने बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश में  ECINET पोर्टल पर कंप्यूटर सहायकों (मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटर) को दी गई सभी लॉग-इन ID तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग के संबंध में पीलीभीत से मिली शिकायत एवं सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह आदेश जारी किया है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को यह काररवाई कराने को कहा गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया है कि जिला निर्वाचन अधिकारी अपने जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (EROS) को तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित करें। जनपद के अंतर्गत सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कार्यरत मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटर की लॉग-इन आईडी निष्क्रिय कराई जाएं ताकि किसी भी मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटर अपनी लॉग-इन आईडी के माध्यम से ECINET पोर्टल पर किसी प्रकार की गतिविधि न कर सकें।

नवदीप रिणवा ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी लॉग-इन आईडी निष्क्रिय किए जाने के बाद संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से इसकी पुष्टि प्राप्त की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में की गई कार्यवाही का सत्यापन करते हुए अनुपालन आख्या तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

127-पीलीभीत के प्रकरण में संलिप्त कम्प्यूटर सहायक (आउटसोर्स) की तत्काल सेवा समाप्ति का निर्देश

उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, 127-पीलीभीत के प्रकरण में संलिप्त कम्प्यूटर सहायक (आउटसोर्स) की तत्काल सेवा समाप्ति का निर्देश संबंधित फर्म को दे दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की शुचिता, सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के दृष्टिगत इन निर्देशों का सर्वोच्च प्राथमिकता पर तत्काल अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular