वाराणसी, 31 अक्टूबर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को धार्मिक नगरी काशी को तीन ट्रेनों की सौगात दी। इस क्रम में उन्होंने बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह के दौरान वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के अलावा बनारस-प्रयागराज रामबाग ट्रेन व बनारस-राजा तालाब ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर उनके गंतव्य को रवाना किया गया। इनमें वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ‘मेक इन इंडिया’ व ‘आत्मनिर्भर भारत’ का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन से वाराणसी के युवा प्रधानमंत्री को अपना धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। एक ऐसी गाड़ी, जिसमें यात्रियों की सुविधा समेत लोको पायलट व स्टाफ की सभी सुविधाओं का बारिकी से ध्यान रखा गया है। रेलवे द्वारा हम सभी वंचित वर्ग, मध्यम वर्ग की सुविधाओं का लगातार ध्यान रखते हैं। इस ट्रेन से रात में वाराणसी में सो जाइए और सुबह दिल्ली आगमन होगा तथा ऐसी ही व्यवस्था वापसी में दिल्ली से वाराणसी के लिए भी है। इस ट्रेन का किराया भी नॉमिनल रखा गया है।
पीएम मोदी के निर्देश पर 10 मेमू सर्विसेज का भी उद्घाटन
वैष्णव ने कहा कि शनिवार को ही 10 मेमू सर्विसेज का उद्घाटन हुआ। प्रधानमंत्री ने स्वयं इस मेमू सर्विसेज के संचालन हेतु निर्देशित किया है ताकि बनारस के नौजवानों, व्यापारियों, किसानों सभी को फायदा हो। मेमो ट्रेन का किराया जिसमें वाराणसी से राजातालाब तक युवाओं, व्यापारियों हेतु एमएसटी का किराया 95 रुपये तथा वाराणसी से प्रयागराज रामबाग के लिए एमएसटी 220 रुपये रखा गया है।
https://t.co/RYZiQJdG0v
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 31, 2026
पीएम मोदी ने बुलेट ट्रेन के ‘नॉर्थ कॉरिडोर’ को मंजूरी दे दी है
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को भी मंजूरी दे दी है, जिसमें वाराणसी, अयोध्या, आगरा समेत विभिन्न शहरों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी तथा केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब उत्तर प्रदेश को केवल 1100 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, लेकिन आज ये बीस गुना बढ़कर बीस हजार करोड़ रुपये हो चुका है। भारत की समृद्ध के साथ सशक्त भारत बनाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी ही करेगी, आप सभी इसको हमेशा याद रखें।
माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी के साथ वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस और वाराणसी सिटी-राजातालाब एवं बनारस-प्रयागराज रामबाग के मध्य नई रेल सेवाओं के शुभारंभ हेतु वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में…
https://t.co/uqgBeBCxMt
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 31, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का स्वागत किया। भारत की प्राचीन आध्यात्मिक नगरी एवं वर्तमान में प्रधानमंत्री की कर्मभूमि काशी में सभी का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व को सराहा। उन्होंने कहा कि आज लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 151वीं जयंती भी है, जिन्होंने अखंड भारत बनाने में प्रमुख योगदान दिया था। आज भारतीय रेल भी पूरब से पच्छिम, उत्तर से दक्षिण को जोड़कर स्वतन्त्रता सेनानियों के सपनों को सार्थक किया है।
काशी से प्रयागराज तक मेमो ट्रेनों का संचालन दो आध्यामिक शहरों तथा शिक्षा के केंद्रों को जोड़ेगी : सीएम योगी
सीएम योगी ने रेल मंत्री के प्रयासों की भी सराहना की कि किस प्रकार रेलवे को घाटे से निकालकर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया है। उत्तर प्रदेश में सभी रेलवे लाइन को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया है। 15 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री ने दिल्ली से वाराणसी के बीच पहली वंदे भारत ट्रेन उद्घाटन किया था, जो कि चेयर कार थी। लेकिन यह स्लीपर ट्रेन है, जो आध्यात्मिक राजधानी से राष्ट्रीय राजधानी को जोड़ने का कार्य करेगी। काशी से प्रयागराज तक मेमो ट्रेनों का संचालन दो आध्यामिक शहरों तथा शिक्षा के केंद्रों को जोड़ने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि आज सभी रेलवे क्रॉसिंग को कर्मचारियों से या अंडरपास से कवर कर लिया गया है, जिससे दुर्घटना को रोकने में सफलता मिली है। रेल गाड़ियों की स्पीड बढ़ी है, जनता को लगातार सुविधा मिल रही है। फ्रेट कारीडोर से भी स्थानीय लोगों को बहुत फायदा हुआ है। आज काशी में सभी स्टेशनों पर साफ सफाई के साथ आधुनिक सुविधाओं को उपलब्ध कराया गया है। उत्तर प्रदेश के 157 स्टेशनों पर ये सुविधाएं मिली हैं। पहले रेलवे पटरियों पर बहुत गंदगी थी, बदबू आती थी, लेकिन आज इन सभी को मजबूत इक्षाशक्ति, दृढ़ संकल्प व मजबूत विश्वास से खत्म करते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि आज काशी में घाटों पर साफ-सफाई के साथ सभी आधुनिक सुविधाओं को उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मजबूती से जो दृढ़ संकल्प लिया था उनकी सुविधा देखने को मिल रही है। दीपावली तथा छठ पूजा से पूर्व काशी समेत स्थानीय लोगों को इन ट्रेनों की सुविधा का फायदा मिलेगा इसके लिए सभी काशी वासियों को हृदय से धन्यवाद।
स्थानीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के प्रयासों से देश तथा प्रदेश विकास के नए गतिमान छू रहा है। उन्होंने कहा आज रेलवे केवल बड़े शहरों तक शिमित न होकर छोटे शहरों में भी पहुंची है, उसी क्रम में काशी की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। उन्होंने कहा वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन से पर्यटन को नई मजबूती मिली है।

प्रयागराज रामबाग से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत स्थानीय विधायक वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े
कार्यक्रम में प्रयागराज रामबाग से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत स्थानीय विधायक वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। महाप्रबंधक उत्तर रेलवे ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक डॉ. सुनील पटेल, सदस्य विधान परिषद श्याम नारायण सिंह ‘विनीत सिंह’, विशाल सिंह चंचल, अन्नपूर्णा सिंह, राय धर्मेंद्र सिंह, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत सम्बन्धित विभागों व रेलवे के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
- शेड्यूल और स्टॉपेज : ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर रात 8.50 बजे वाराणसी जंक्शन से चलकर अगले दिन सुबह 6.10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 27422 रात 9.40 बजे नई दिल्ली से चलकर सुबह 7.10 बजे वाराणसी आएगी। रास्ते में इसका ठहराव प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा। यह सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
- अत्याधुनिक सुविधाएं : 16 कोच वाली इस ट्रेन में कुल 823 बर्थ (प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी AC) हैं। 160 किमी/घंटा की रफ्तार वाली इस ट्रेन में आधुनिक शोर नियंत्रण, कंपन रोधी व्यवस्था, उन्नत अग्नि सुरक्षा प्रणाली और दिव्यांग जनों के लिए विशेष सुविधाएं दी गई हैं।
- वाराणसी सिटी-राजातालाब मेमू ट्रेन
- 12 कोच वाली इन मेमू ट्रेनों का ठहराव वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुलनपुर और हरदत्तपुर स्टेशनों पर होगा।
- इस सेवा से राजातालाब के रास्ते रिंग रोड और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा, जिससे सड़क मार्ग पर वाहनों का दबाव और जाम की समस्या कम होगी।
- बनारस-प्रयागराज रामबाग नई मेमू ट्रेन
- इस नई ट्रेन के शुरू होने से यात्री सुबह वाराणसी से रवाना होकर कार्यालय समय पर प्रयागराज पहुंच सकेंगे और शाम को उसी दिन वापस बनारस लौट सकेंगे।
- मात्र ढाई घंटे की इस यात्रा से यात्रियों के समय और पैसे दोनों की बड़ी बचत होगी।
अश्विनी वैष्णव की घोषणा : सिग्नेचर ब्रिज का नाम होगा ‘नमो ब्रिज’
ट्रेनों के शुभारंभ से पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित हो रहे काशी रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन सिग्नेचर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने घोषणा की कि काशी के पास नमो घाट के नजदीक से गुजरने वाले इस सिग्नेचर ब्रिज का आधिकारिक नाम ‘नमो ब्रिज’ होगा, जिससे पूर्वांचल की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
काशी स्टेशन को नए रूप में 6 प्लेटफॉर्म मिलेंगे
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक रूप दिया जा रहा है, जहां छह प्लेटफॉर्म होंगे। इसका निर्माण इस तरह किया जा रहा है कि इसके प्लेटफॉर्म पर एक साथ 50 हजार लोग खड़े हो सकें, जिससे महाकुंभ या बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन में आसानी होगी। स्टेशन से बाबा विश्वनाथ धाम की दूरी मात्र दो किलोमीटर रह जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में अभूतपूर्व सुविधा मिलेगी।


