लियोनेल मेसी की अंतरष्ट्रीय फुटबॉल से यादगार विदाई, अर्जेंटीना के लिए अंतिम मैच में भी दागा गोल

ब्यूनस आयर्स, सात अक्टूबर। दुनिया के दिग्गज फुटबॉल सितारों में एक और दो दशक से भी ज्यादा समय तक अर्जेंटीनी फुटबॉल की धड़कन रहे लियोनेल मेसी की मंगलवार की रात अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से यादगार विदाई हो गई। उन्होंने बेनिन के खिलाफ अर्जेंटीना के लिए अपने आधिकारिक विदाई मैच में भी न सिर्फ गोल दागा वरन एक गोल में मदद की। अंततः उनकी टीम 3-0 से विजयी रही।

ब्यूनस आयर्स के मोन्यूमेंटल स्टेडियम में जुटे लगभग 85,000 प्रशंसकों ने इस सुपरस्टार को जोरदार तालियों और नारों के साथ यादगार विदाई दी। अपने 21 वर्षीय लंबे अंतरराष्ट्रीय करिअर में 39 वर्षीय मेसी ने 126 गोल किए और उनकी यादगार उपलब्धियों में 2022 विश्व कप खिताब एवं दो कोपा अमेरिका खिताब भी शामिल रहे।

‘20 से अधिक वर्षों तक इस जर्सी को पहनना मेरे लिए बहुत गर्व की बात’

लियोनेल मेसी ने पिच के केंद्र से माइक्रोफोन में दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘20 से अधिक वर्षों तक इस जर्सी को पहनना मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी। मैंने कभी लड़ना नहीं छोड़ा, मैदान पर अपना सब कुछ देना कभी नहीं छोड़ा। मैं हमेशा वापस आता रहना चाहूंगा क्योंकि अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना आपके साथ होने वाली सबसे खूबसूरत चीज है।’

मेसी के कई साथी खिलाड़ी भी भावुक हो उठे थे। उन सभी ने लियोनेल स्कालोनी के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ और प्रशंसकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया। मेसी ने कहा, ‘मुझे आप सभी की याद आएगी। अब मैं आपकी तरफ रहूंगा, राष्ट्रीय टीम और आने वाले खिलाड़ियों का समर्थन करूंगा।’

उन्होंने कहा, ‘जब हम एकजुट होते हैं तो हम किसी से भी ज्यादा मजबूत होते हैं और किसी भी चीज पर काबू पा सकते हैं। मुश्कल समय आगे है क्योंकि इस ग्रुप ने जो हासिल किया है, उसे दोहराना आसान नहीं होगा।’

दर्शकों ने सम्मान में गाया – ‘ओले, ओले, मेसी’

मुकाबले की बात करें तो मेसी की कॉर्नर किक पर डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी ने हेडर से 48वें मिनट में टीम का खाता खोला। इसके बाद मेसी ने युवा प्रतिभा निकोलस पाज को पास दिया, जिन्होंने 61वें मिनट में बाएं पैर से शानदार फिनिश के साथ गोल किया। दस मिनट बाद मेसी ने खुद पेनाल्टी भुनाई, जिससे सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर के रूप में उनके गोलों की संख्या और बढ़ गई। दर्शकों ने उनके सम्मान में गाना शुरू किया, ‘ओले, ओले, मेसी।’

आतिशबाजी के बीच अर्जेंजीना के लिए खेला 208वां अंतरराष्ट्रीय मैच

उल्लेखनीय है कि 39 वर्ष की उम्र में भी शीर्ष स्तर पर खेलते हुए मेसी ने गत 31 अगस्त को घोषणा की थी कि वह विदाई लेने वाले हैं। उन्होंने अपना अंतिम मैच (अर्जेंटीना के लिए 208वां मैच) शानदार आतिशबाजी के प्रदर्शन के बीच खेला। उन्होंने विशेष संस्करण की जर्सी पहनी थी, जिसमें मानक डिजाइन की तुलना में चौड़ी लंबी धारियां, एक विशाल सूरज और पीठ पर सुनहरे रंग का नंबर 10 था। पीठ के विवरण में प्रिंट में बकरे के सींग थे ‘गोट’ (जीओएटी) का संकेत, जो जानवर और ‘ग्रेटैस्ट ऑफ ऑल टाइम’ दोनों को संदर्भित करता है।

मैच बीच में रोककर अर्जेंटीनी सुपरस्टार को सम्मानित किया गया

अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच शुरू होने के दस मिनट बाद, रेफरी ने अर्जेंटीनी कप्तान को सम्मानित करने के लिए मैच रोक दिया। प्रतिद्वंद्वी और साथी खिलाड़ी उनका अभिवादन करने के लिए आगे आए जबकि प्रशंसक खड़े होकर तालियां बजाने लगे। मेसी ने हाथ उठाकर आभार जताया। मैच समाप्त होने के बाद, उन्होंने अपने साथियों को उन खिताबों के लिए धन्यवाद दिया, जो उन्होंने जीते थे और उन्हें एक निर्देश दिया, ‘हमें एक मजबूत, एकजुट ग्रुप बनाना होगा क्योंकि कुछ लोग चाहते हैं कि राष्ट्रीय टीम असफल हो, और हमें उन्हें यह संतुष्टि नहीं देनी चाहिए।’

वर्ष 2022 में मेसी ने उठाया था इकलौता FIFA विश्व कप

स्मरण रहे कि महान फुटबॉलर डिएगो मैराडोना के उत्तराधिकारी के रूप में मेसी ने 2005 में सीनियर राष्ट्रीय टीम में पदार्पण किया था। हालांकि 2022 तक उनका सफर निराशाओं से भरा रहा। लेकिन 2022 में आखिरकार उन्होंने FIFA विश्व कप उठाया और यह ऐसी जीत थी, जिसने खेल के महानतम खिलाड़ियों की सूची में उनकी जगह पक्की करने के साथ अर्जेंटीना में एक राष्ट्रीय नायक के रूप में उनकी स्थिति को मजबूत किया।

अपने बेटे थियागो, माटेओ और सिरो के साथ मेसी जब भावुक हो गए, तब अर्जेंटीना का राष्ट्रगान गाया। गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने उनके कंधों पर हाथ रखकर उन्हें सांत्वना देने की कोशिश की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular