नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। भारतीय ओलम्पिक संघ (IOA) की नई कार्यकारी परिषद का चुनाव पांच दिसम्बर को होगा, जिसके लिए शनिवार को संजय कुमार श्रीवास्तव को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। संजय श्रीवास्तव दिल्ली और चंडीगढ़ के पूर्व मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) रहे हैं।
दिल्ली व चंडीगढ़ के पूर्व CEO संजय श्रीवास्तव चुनाव अधिकारी नियुक्त
आईओए ने एक वक्तव्य में कहा कि चुनाव प्रक्रिया राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025, राष्ट्रीय खेल प्रशासन (राष्ट्रीय खेल निकाय) नियमों, 2026, आईओए के संशोधित संविधान और आईओए चुनाव के उप नियमों और नियमों के तहत पूरी की जाएगी। चुनाव अधिकारी की निगरानी में एथलीट आयोग, उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (SOM) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव होंगे।
बयान में कहा गया, ‘आईओए ने संजय कुमार श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी (पूर्व चुनाव आयुक्त, दिल्ली और चंडीगढ) को 2026 चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। वह एथलीट आयोग, उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (SOM) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव कराएंगे।’
SOM चुनाव प्रक्रिया 18 सितम्बर को शुरू हो चुकी है
दरअसल, एसओएम चुनाव की प्रक्रिया 18 सितम्बर को शुरू हो गई थी, जिसके लिए योग्य उम्मीदवार 18 अक्टूबर तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इसके बाद राष्ट्रीय खेल प्रशासन ढांचे के तहत पात्रता और स्तरीय मानदंडों के अनुरूप रोस्टर तैयार किया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने 2026-2030 के लिए आईओए एथलीट आयोग के चुनावों की भी सूचना दी है, जिसमें तीन नवम्बर को मतदान, मतगणना और नतीजों की घोषणा तय है।
आईओए ने कहा, ‘योग्य एनएसएफ सदस्य 11 अक्टूबर, 2026 को दोपहर दो बजे तक अपने दो खिलाड़ी प्रतिनिधियों को एथलीट आयोग के लिए नामांकित कर सकते हैं। आयोग में पांच पुरुष और पांच महिला सदस्य होंगे। नियमों के अनुसार ओलम्पिक श्रेणी के खिलाड़ियों और बड़ी स्पर्धाओं में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए अलग प्रतिनिधित्व का प्रावधान है।’ पांच दिसम्बर को आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव के साथ प्रक्रिया पूरी होगी।
मजबूत, भरोसेमंद व खिलाड़ियों पर केंद्रित संस्थान बनाना मकसद – उषा
इस बीच आईओए अध्यक्ष 62 वर्षीय पीटी उषा ने अच्छे प्रशासन को मजबूत बनाने के संगठन के प्रयासों की दिशा में इसे अहम कदम बताया। उन्होंने कहा, ‘2026 के चुनाव भारतीय ओलम्पिक आंदोलन में अच्छे प्रशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में एक अहम मील का पत्थर हैं। हमारा मकसद मजबूत, भरोसेमंद और खिलाड़ियों पर केंद्रित संस्थान बनाना है, जो ओलम्पिक चार्टर के अनुरूप हो।’
10 दिसम्बर, 2022 को आईओए की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई थीं उषा
गौरतलब है कि अपने जमाने की दिग्गज धाविका व ओलम्पियन उषा 10 दिसम्बर 2022 को निर्विरोध आईओए अध्यक्ष निर्विरोध चुनी गई थीं। वह आईओए अध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली महिला भी थीं।


